

रिश्ते में लगातार आलोचना, अपमान और दोस्तों-परिवार से दूर करने की कोशिश इमोशनल अब्यूज के संकेत हैं।
हर फैसले पर नियंत्रण रखना, अपनी गलती का दोष आप पर डालना और आपकी भावनाओं को नकारना भी अब्यूज है।
धमकी, डर या दबाव महसूस होने पर चुप रहने के बजाय भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें।
Emotional Abuse In Relationship: किसी भी रिश्ते में एक-दूसरे का ख्याल रखना, चिंता करना और जरूरत पड़ने पर समझौता करना स्वाभाविक है, लेकिन जब यही लव और केयर धीरे-धीरे रोक-टोक, दबाव और कंट्रोल में बदलने लगे, तो इसे प्यार समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
शुरुआत में यह केयर लगता है, बाद में यही रिश्ते में दरार की वजह बनने लगती है। यह इतना धीरे-धीरे शुरू होता है कि व्यक्ति को इसका एहसास भी नहीं होता। उसे लगने लगता है कि शायद पार्टनर का व्यवहार उसकी भलाई के लिए है या रिश्ते को बचाने के लिए ऐसा करना जरूरी है।
पार्टनर का कभी-कभार किसी बात पर असहमत हो जाना सामान्य है, लेकिन अगर वह लगातार आपके पहनावे, काम, रूप-रंग, सोच या फैसलों का मजाक उड़ाता है, तो यह भावनात्मक शोषण का संकेत हो सकता है।
अगर पार्टनर आपके दोस्त, सहकर्मी या परिवार के सदस्यों से मिलने पर नाराज होता है, बातचीत करने से रोकता है या हर बार मिलने के बाद झगड़ा करता है, तो यह नियंत्रण करने का तरीका होता है। धीरे-धीरे आप अपने करीबी लोगों से दूरी बनाने लगते हैं और इमोशनली सिर्फ पार्टनर पर निर्भर हो जाते हैं।
आपके रिश्ते में अगर आप क्या पहनेंगे, किससे मिलेंगे, कहां जाएंगे या पैसे कैसे खर्च करेंगे, जैसे डिसीजन आपका पार्टनर ही लेता है, तो इसे सामान्य चिंता नहीं कहा जा सकता। स्वस्थ रिश्ते में दोनों की पसंद, जरूरत और फ्रीडम का सम्मान किया जाता है। हर छोटी-बड़ी बात पर अनुमति लेने का दबाव इमोशनल अब्यूज का संकेत होता है।
हर झगड़े के बाद आपको ही माफी मांगनी पड़ती है, पार्टनर अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय हर बार आपको ही दोषी बताए, अगर वह कहता है कि उसके गुस्से, गलत व्यवहार या नाराजगी की वजह आप ही हैं, तो यह भी इमोशनल प्रेशर होता है।
रिलेशनशिप में अगर आप अपनी परेशानी बताते हैं और पार्टनर उसे नाटक, ओवररिएक्शन या बेवजह की शिकायत कहकर टाल देता है, तो यह आपकी फीलिंग को नजरअंदाज करना है। बार-बार ऐसा होने पर व्यक्ति अपनी तकलीफ को व्यक्त करने से भी डरने लगता है।
हर व्यक्ति को कभी-कभी अकेले रहने या शांत होने के लिए समय चाहिए। लेकिन जानबूझकर कई दिनों तक बात बंद रखना, आपको अनदेखा करना या अपनी बात मनवाने के लिए प्यार और अपनापन रोक देना भावनात्मक दबाव हो सकता है।
अगर पार्टनर बार-बार रिश्ता खत्म करने, खुद को नुकसान पहुंचाने, आपकी निजी बातें सार्वजनिक करने या आपको बदनाम करने की धमकी देता है, तो इसे हल्के में न लें। ऐसी धमकियां डर और असुरक्षा पैदा करके आपको रिश्ते में बने रहने या उसकी शर्तें मानने के लिए मजबूर कर सकती हैं।