Functional Kitchen: सुंदर ही नहीं, समझदारी से बनी रसोई है असली कमाल! ये 8 तरीके बनाएंगे किचन को अधिक फंक्शनल

Kitchen Ideas: किचन को सिर्फ खूबसूरत नहीं, बल्कि सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाना भी जरूरी है। जानें ऐसी 8 जरूरी बातें जो आपकी रसोई को ज्यादा आरामदायक, टिकाऊ और उपयोगी बना सकती हैं।
8 things that make kitchen truly functional
किचनफोटो.सोशल मीडिया
Updated on

Indian Kitchen Makeover: आज की रसोई सिर्फ खाना बनाने की जगह नहीं रह गई है। यहां दिन की शुरुआत नाश्ता बनाने से होती है और खत्म रात के डिनर पर होती है। जहां बच्चों के टिफिन तैयार होते हैं और कई बार परिवार के साथ बैठकर बातचीत भी होती है। इसलिए किचन को सजाने से ज्यादा जरूरी है कि वह सुविधाजनक, सुरक्षित, हवादार और ऑर्गनाइज्ड हो।

खूबसूरती से पहले काम करने की सुविधा

किचन बनवाते समय सबसे पहले यह देखें कि गैस, सिंक, सामान रखने की जगह और फ्रिज एक-दूसरे से बहुत दूर न हों। इनके बीच आने-जाने में ज्यादा मेहनत न लगे तो खाना बनाने का काम आसान हो जाता है।

रोशनी और हवा का रखें ध्यान

किचन में खिड़कियां और हवा के आने-जाने की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। इससे खाने की गंध और नमी लंबे समय तक रसोई में नहीं रहती। प्राकृतिक रोशनी दिन में किचन को रोशन रखने के साथ बिजली की खपत भी कम करती है।

Kitchen Lighting
किचन लाइट्सफोटो.सोशल मीडिया

सिर्फ एक बल्ब काफी नहीं

किचन में अलग-अलग काम के लिए अलग-अलग तरह की लाइटों का इस्तेमाल करना चाहिए। जिस जगह सब्जियां काटी जाती हैं या खाना तैयार होता है, वहां पर्याप्त रोशनी होनी चाहिए। अलमारी के नीचे लगने वाली रोशनी काम की जगह को साफ दिखाई देने में मदद करती है।

स्टोरेज की सही व्यवस्था

किचन में जगह की कमी अक्सर सामान को गलत तरीके से रखने की वजह बन जाती है और किचन बिखरा हुआ नजर आता है। दराज, बाहर खिंचने वाली अलमारियां, कोने की उपयोगी जगह और मसालों के लिए अलग व्यवस्था किचन को ज्यादा व्यवस्थित बनाती है।

Kitchen Appliances
किचन अप्लायंसफोटो.सोशल मीडिया

ऐसी सामग्री चुनें जो लंबे समय तक चले

किचन में गर्मी, पानी, तेल और रोजाना सफाई का सामना करना पड़ता है। इसलिए फर्श, अलमारी, रसोई की सतह और दीवार के हिस्से के लिए ऐसे प्रोडक्ट को चुनना चाहिए, जिसे साफ करने में आसानी हो।

भविष्य के उपकरणों की भी जगह रखें

आज किचन में सिर्फ गैस और फ्रिज नहीं होते। मिक्सर, ओवन, माइक्रोवेव, प्यूरीफायर समेत कई अन्य उपकरण भी होते हैं, जिनके लिए सॉकेट की जरूरत होती है, ऐसे में यह पहले से तय कर लेना बेहतर होता है। इससे बाद में तोड़फोड़ या अतिरिक्त बदलाव की जरूरत नहीं पड़ती।

अपनी सुविधा के हिसाब से ऊंचाई तय करें

हर व्यक्ति की लंबाई और काम करने का तरीका अलग होता है। इसलिए रसोई की सतह, अलमारियों और दराजों की ऊंचाई तय करते समय केवल तय मानकों पर निर्भर रहने के बजाय इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति की सुविधा भी देखनी चाहिए। सही ऊंचाई से रोजाना काम करते समय शरीर पर अनावश्यक दबाव कम होता है।

8 things that make kitchen truly functional
Dhaba Style Aloo Rosh: सिर्फ 20 मिनट में बनाएं मसालेदार और चटपटी आलू की सब्जी, गरमागरम परोसें

किचन को पर्यावरण के अनुकूल बनाएं

बिजली और पानी की बचत करने वाले उपकरण, टिकाऊ सामग्री और कचरे को अलग-अलग रखने की व्यवस्था किचन को ज्यादा फंक्शनल बनाती है। जैविक कचरे से खाद बनाकर घर में छोटे पौधे या मसाले उगाने की शुरुआत भी की जा सकती है।

किचन ऐसा हो जो जिंदगी आसान बनाए

एक अच्छी रसोई का मतलब महंगे सामान या चमकदार सजावट नहीं है। असली फर्क इस बात से पड़ता है कि वहां काम करना कितना आसान है, सामान कितनी आसानी से मिलता है और जगह कितनी आरामदायक है। सही योजना के साथ छोटी सी रसोई भी अधिक यूजफुल और सुंदर बनाई जा सकती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com