'Thamma' के बाद इस फिल्म से धमाल मचाएंगी रश्मिका मंदाना, 'मैसा' से खास झलक शेयर कर दी दिवाली की बधाई

Rashmika Mandanna Film: दिवाली के मौके पर रश्मिका मंदाना ने अपने फैंस को खास सरप्राइज दिया। उन्होंने अपनी आगामी फिल्म ‘मैसा’ का पोस्टर शेयर किया। जिससे लोग काफी उत्साहित हो गए हैं।
Rashmika Mandanna
रश्मिका मंदाना (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Rashmika Mandanna Mysaa Movie: साउथ की मशहूर एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना अक्सर किसी ना किसी वजह से सुर्खियों में छाई रहती हैं। इसी बीच उन्होंने दिवाली के पावन अवसर पर अपने फैंस के लिए एक खास तोहफा पेश किया है। सोमवार को उन्होंने अपनी आगामी फिल्म ‘मैसा’ का नया पोस्टर साझा किया, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया।

दरअसल, रश्मिका ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर पोस्टर शेयर किया, जिसमें वह हाथ में बंदूक लिए सशक्त और दमदार अंदाज में नजर आ रही हैं। इस पोस्टर ने फैंस के बीच उत्साह और जिज्ञासा बढ़ा दी है। पोस्टर के साथ उन्होंने लिखा, “दिवाली के मौके पर छोटी-सी झलक… हम जल्द ही 'मैसा' की एक खास झलक आपके साथ साझा करेंगे। और जानकारी जल्द मिलेगी।”

मैसा में दिखी एक्ट्रेस की खास झलक

पोस्टर की झलक देखकर फैंस अंदाजा लगा रहे हैं कि ‘मैसा’ एक महिला योद्धा की साहसिक और प्रेरक कहानी होगी। फिल्म का निर्माण ‘अनफॉर्मूला फिल्म्स’ के बैनर तले किया जा रहा है और यह एक सशक्त महिला किरदार के इर्द-गिर्द घूमती नजर आएगी।

इस बीच रश्मिका मंदाना का वर्कफ्रंट भी बेहद व्यस्त है। उनकी बहुप्रतीक्षित हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘थामा’ 21 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस फिल्म में रश्मिका के साथ आयुष्मान खुराना मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, परेश रावल, राम बजाज गोयल और सत्यराज एल्विस करीम प्रभाकर जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं।

इस दिन थिएटर में धमाल मचाने को तैयार थामा

‘थामा’ का निर्देशन आदित्य सरपोतदार ने किया है और इसे केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से ‘यूए’ सर्टिफिकेट भी मिल चुका है। फिल्म के डिस्ट्रीब्यूटर्स में से एक एशियन सुरेश एंटरटेनमेंट ने अपनी सोशल मीडिया टाइमलाइन पर पोस्टर शेयर कर इसकी रिलीज की जानकारी दी।

फैंस अब दोनों फिल्मों को लेकर बेहद उत्साहित हैं। जहां ‘मैसा’ का पोस्टर सशक्त महिला किरदार और गंभीर भूमिका की झलक देता है, वहीं ‘थामा’ हॉरर और कॉमेडी का बेहतरीन मिश्रण लेकर सिनेमाघरों में दर्शकों का मनोरंजन करने को तैयार है। रश्मिका की यह दोनों फिल्में उनके प्रशंसकों के लिए उत्साह और रोमांच का केंद्र बनी हुई हैं। फिलहाल फैंस बेसब्री से ‘मैसा’ की अगली झलक और ‘थामा’ को बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार कर रहे हैं।

(एजेंसी इनुपट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com