

Bhargav Singh Murder Case: झारखंड के रांची में गोलबारी की घटना सामने आई है। रांची में दिनदहाड़े कुछ युवकों ने जमीन कारोबारी की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी है। गोलीबारी होते ही अफरा-तफरी मच गई और कारोबारी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद कारोबारी भार्गव सिंह को बचाया नहीं जा सका और उनकी मौत हो गई।
यह पूरी घटना केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सासंद संजय सेठ के घर की पास हुई। कारोबारी भार्गव सिंह ओटीसी मैदान के पास हनुमान मंदिर से पूजा कर लौट रहे थे तभी कुछ व्यक्तियों ने उन पर गोलियां बरसा दी और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मृतक कारोबारी भार्गव सिंह (Bhargav Singh) बैंक कॉलोनी, ओझा मार्केट के पास रहते थे और 'गोल्डन सिटी इंडिया' नाम की कंपनी का संचालन करते थे। इस मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी एक्शन में आ गई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस ने कुछ घंटों में ही वारदात के मुख्य आरोपी विजय टेटे को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी विजय शहर से भागने की कोशिश कर रहा था और उसके साथ में उसकी पत्नी भी थी। लेकिन इससे पहले ही रांची पुलिस ने उसे दबोच लिया। अब पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, भार्गव सिंह (Bhargav Singh) हनुमान मंदिर में अक्सर पूजा करने आते थे। इस बात की जानकारी आरोपियों को भी थी। आज सुबह जब वह मंदिर पूजा करने पहुंचे तो आरोपी पहले से ही वहां घात लगाए बैठे थे। जैसे ही वह बाहर आए तभी मौजूद नकाबपोशों ने उन्हें गोलियों से भून दिया और मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जमीन कारोबारी भार्गव सिंह का एक बड़े जमीन के हिस्से को लेकर विजय टेटे नामक व्यक्ति के साथ विवाद चल रहा था। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलके गोलीकांड को अंजाम दिया गया। इस घटना ने रांची की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए है। फिलहाल पुलिस बाकि आरोपियों की तलाश कर रही हैं।