झारखंड एनकाउंटर: रामगढ़ में पुलिस मुठभेड़ में प्रिंस खान गैंग का शूटर घायल, 60 कारतूस और 4 पिस्तौल बरामद

Jharkhand News: झारखंड के रामगढ़ में पुलिस मुठभेड़ के बाद गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह का शूटर शिवराज राम घायल अवस्था में गिरफ्तार हुआ है। ऑपरेशन में भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए।
Jharkhand Police Encounter
झारखंड पुलिस एनकाउंटर (सोर्स- ए.आई इमेज)
Published on
Updated on

Jharkhand Police Encounter News: झारखंड के रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान नामी गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह का शूटर शिवराज राम उर्फ शिवा गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। इस संयुक्त अभियान में गिरोह के एक अन्य सदस्य को भी हिरासत में लिया गया है।

संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता

ये कार्रवाई धनबाद के एसएसपी को मिली खुफिया सूचना के आधार पर की गई। इसके बाद धनबाद, रामगढ़ और रांची पुलिस की पूरी टीम ने भुरकुंडा थाना क्षेत्र के रिवरसाइड केंद्रीय विद्यालय के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस के पहुंचते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने भी कई राउंड गोलियां चलाईं। इसी गोली-बारी के दौरान शिवराज घायल हो गया।

हथियार और कारतूस बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्तौल, दो मोबाइल फोन और कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए हैं। इसके बाद की तलाशी में तीन अवैध पिस्तौल और करीब 60 जिंदा कारतूस भी मिले। पुलिस अब इन हथियारों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए पूरी गैंग के नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है।

पुलिस लंबे समय से कर रही थी तलाश

झारखंड पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि शिवराज राम पहले नामी अपराधी राहुल दुबे के लिए काम करता था। बाद में वो प्रिंस खान गैंग का मुख्य सदस्य बन गया। शिवराज लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था और पुलिस कई अपराधों के मामलों में उसकी तलाश कर रहीं थी जिनमे वो फरार था।

फरार अपराधियों की तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों ने बयान देते हुए बताया कि अभी के दिनों में धनबाद में बढ़ी सख्ती के बाद प्रिंस खान गिरोह के सदस्य कई जिलों में जैसे, रामगढ़, रांची और आसपास की जगहों में अपनी गतिविधियां और अपराध बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे। फिलहाल पुलिस गैंग के और फरार सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की जांच जारी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com