सागर: मां ने एक माह की मासूम बच्ची को नाले में फेंका, लोगों ने बचाई जान, प्रेमी के ना अपनाने से नाराज है महिला

Sagar Crime News : सागर में एक महिला ने कथित रूप से अपनी एक माह की बच्ची को नाले में फेंक दिया। राहगीरों ने बच्ची की जान बचाई। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
Sagar Woman Threw Baby in Drain
बच्ची की जांच करती पुलिसकर्मी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Sagar Woman Threw Baby in Drain : सागर शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गोपालगंज थाना क्षेत्र में एक महिला ने कथित रूप से अपनी करीब एक माह की दुधमुंही बच्ची को नाले में फेंक दिया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बच्ची को बाहर निकालकर उसकी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी। घायल बच्ची को सुरक्षित पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

घटना रविंद्र भवन (रविंद्र ग्रंथालय) के पास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला बच्ची को लेकर वहां पहुंची और अचानक उसे नाले में फेंक दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बिना देर किए बच्ची को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही डायल-112 और गोपालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा महिला और बच्ची को अपने साथ थाने ले गई।

पूछताछ में महिला ने बताई वजह

प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने दावा किया कि वह अपने पति को छोड़कर एक युवक के साथ रह रही थी, जिससे उसे यह बच्ची हुई। महिला का आरोप है कि अब प्रेमी उसे और बच्ची को अपनाने से इनकार कर रहा है। महिला ने बच्ची को नाले में फेंकते हुए कहा जिसका बच्चा है वही उसे अपने साथ ले जाए। पुलिस के अनुसार, महिला के बयान अलग-अलग हैं। वह कभी खुद को मकरोनिया तो कभी महाराजपुर का निवासी बता रही है। उसकी मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं लग रही है। ऐसे में पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है।

पहले बस स्टैंड पर किया हंगामा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, महिला ने घटना से पहले बस स्टैंड क्षेत्र में भी हंगामा किया था। इसके बाद वह नगर निगम के पास रविंद्र ग्रंथालय पहुंची, जहां उसने बच्ची को नाले में फेंक दिया। गोपालगंज थाना पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है। साथ ही बच्ची की चिकित्सकीय जांच कराई जा रही है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

सागर पुलिस महिला के दावों, उसकी पहचान, पारिवारिक स्थिति और कथित प्रेमी की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद तथ्य सामने आने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com