

BCCL Munidih Coal Washery Accident: झारखंड के धनबाद जिले में एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) की मुनीडीह कोल वाशरी में आज यानी शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। कोयले की स्लरी के नीचे दबने से 4 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई है। वहीं कई और मजदूरों के दबे होने की आशंका है। प्रशासन बचाव और राहत कार्य में जुटा हुआ है।
मुनीडीह ओपी क्षेत्र के अंदर बीसीसीएल की कोल वाशरी प्रोजेक्ट में शनिवार शाम लगभग पांच बजे यह हादसा हुआ। ये हादसा ट्रक में स्लरी लोडिंग के दौरान अचानक स्लरी गिरने से हुआ। कई ठेका मजदूर इस दौरान दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत राहत और बचाव का कार्य शुरू किया गया।
खबरों के मुताबिक, अब तक मौके से 4 शव बरामद कर लिए गए हैं। पक्ती पुलिस स्टेशन के इंचार्ज वकार हुसैन ने 4 मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। वहीं मलबे में कई अन्य लोगों के दबे होने की आशंका है। राहत और बचाव का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। जेसीबी की सहायता से मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है।
बता दें कि धनबाद के मुनीडीह में इससे पहले पिछले महीने बीसीसीएल के बंद पड़े कैप्टिव पावर प्लांट में गैस के रिसाव से 4 लोगों की मौत हो गई थी। ऐसा आरोप है कि मृतक प्लांट के अंदर लोहा चोरी करने के लिए घुसे थे। क्लोरीन गैस की टंकी का पाइप काटने के दौरान वो फट गया और उसकी चपेट में आने से 4 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
मालूम हो कि इससे पहले दिसंबर में हजारीबाग जिले में सेंट्रल कोलफील्ड लिमिटेड की ओपन कास्ट खदान में हुए दर्दनाक हादसे में 2 मजदूरों की जान चली गई थी। इस हादसे में खदान की हाईवॉल कोयले से भरे एक ट्रक पर गिर गई थी, जिससे दो लोगों की मौत हुई थी।