गुजरात के जूनागढ़ में बड़ा सड़क हादसा, बस पलटने से 2 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 15 घायल

Gujarat Bus Accident: गुजरात के जूनागढ़ में नीलगाय से टकराकर तीर्थयात्रियों की बस पलटने से बड़ा हादसा हुआ। इस दुर्घटना में 2 महिलाओं की मौत हो गई और 15 से अधिक यात्री घायल हैं।
Junagarh Accident
गुजरात के जूनागढ़ में बड़ा सड़क हादसा (Image- Social Media)
Published on
Updated on

Junagadh Bus Accident: गुजरात के जूनागढ़ जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ। जब तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस अचानक सड़क पार कर रही एक नीलगाय से टकराकर पलट गई। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई और 15 से अधिक यात्री घायल हो गए। यह बस भावनगर से द्वारका और सोमनाथ की ओर जा रही थी।स्थानीय लोग पीड़ितों की मदद के लिए तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।

2 लोगों की मौत

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने घायलों को पास के अस्पातल में भर्ती कराया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं इस दुर्घटना में जिन लोगों का मौत हुई है उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक नीलगाय अचानक सड़क पार करने लगी।

नीलगाय से टकराकर पलटी बस

पुलिस ने बताया कि बस में भावनगर से द्वारका और सोमनाथ की तीर्थयात्रा पर जा रहे करीब 40 लोग सवार थे। दोपहर 3 बजे के करीब मंगरोल कस्बे से कुछ किलोमीटर दूर राहिज गांव के पास, अचानक एक नीलगाय सड़क पार करने लगी। गाय को बचाने के चक्कर में ड्राइवर का गाड़ी पर से नियंत्रण हट गया और इसी दौरान ये बस पलट गई।

क्या कहा पुलिस ने?

इस मामले पर पुलिस उपाधीक्षक डी.वी. कोडियातर ने बताया कि दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 15 से दिक यात्री घायल हो गए। घायलों को जूनागढ़ सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।

इस घटना के बाद, स्थानीय लोग पीड़ितों की मदद के लिए तत्काल पहुंचे और अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि पलटी हुई बस के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए एक खुदाई मशीन का इस्तेमाल किया गया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com