झारखंड के चाईबासा में नक्सलियों ने किया IED ब्लास्ट, CRPF के दो जवान घायल
soldiers Injured In IED Blast : झारखंड के चाईबासा जिले में सारंडा जंगल में नकस्लियों द्वारा किए गए IED ब्लास्ट में सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन के दो जवान घायल हो गए हैं।
- Written By: पूजा सिंह
(सौजन्य सोशल मीडिया)
Cobra Battalion soldiers Injured In IED Blast : झारखंड के चाईबासा में शुक्रवार की सुबह एक बार फिर नक्सलियों ने लांग रेंज पेट्रोलिंग पर निकले सुरक्षा बलों को निशाना बनाया है। चाईबासा जिले में सारंडा जंगल के दीघा इलाके में आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आने से सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन के दो जवान घायल हो गए। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने इलाके में पहले से ही आईईडी बिछा रखा था और जब जवान गश्त के लिए निकले तभी विस्फोट की चपेट में आ गए।
बताया जा रहा है कि धमाका इतना जोरदार था कि, आसपास का इलाका विस्फोट की आवाज से दहल उठा। घटना के बाद साथी जवानों ने घायल जवानों को प्राथमिक इलाज के लिए अस्पलाल में भर्ती कराया। बेहतर इलाज के लिए घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर रांची भेजने की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में नक्सलियों की तलाश के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, सारंडा जंगल नक्सलियों का गढ़ माना जाता है और इस इलाके में पहले भी कई बार सुरक्षाबलों पर हमले हो चुके हैं।
गश्त पर निकले थे जवान
जानकारी के अनुसार शुक्रवार कि सुबह करीब 10:40 बजे जब सुरक्षा बलों का दस्ता जंगलवर्ती इलाके में नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन पर था। इसी दौरान जवान आईईडी की चपेट में आ गए। विस्फोट में 2 जवान घायल हुए हैं। दोनों जवानों को सारंडा जंगल से निकालकर एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। चाईबासा के एसपी राकेश रंजन ने घटना की पुष्टि की है। चाईबासा के दुरूह जंगलों और पहाड़ियों में पनाह लेकर हिंसक वारदातें अंजाम देने वाले माओवादी नक्सलियों के खिलाफ पुलिस और सुरक्षाबलों की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
सम्बंधित ख़बरें
झारखंड में देवर-भाभी का दर्दनाक अंत! एक ही घर में फंदे से लटके मिले दोनों के शव
झारखंड एनकाउंटर: रामगढ़ में पुलिस मुठभेड़ में प्रिंस खान गैंग का शूटर घायल, 60 कारतूस और 4 पिस्तौल बरामद
सावधान! घर से निकलने से पहले देख लें मौसम का हाल, IMD ने इन राज्यों के लिए जारी किया भारी बारिश का अलर्ट
झारखंड में अंधविश्वास बना मौत का कारण! तांत्रिक के कहने पर राख खा रहा था परिवार, 10 दिन में पांच की मौत
2 दिन पहले IED की चपेट में आने से ट्रैकमैन की हुई थी मौत
सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने और अपने ठिकानों तक पहुंचने से रोकने के लिए नक्सलियों ने पूरे इलाके में जमीन के नीचे जगह-जगह आईईडी लगा रखे हैं, जिन पर जवानों के पांव पड़ते या हल्का प्रेशर बनते ही विस्फोट हो जाता है। दो दिन पहले नक्सलियों ने इसी जिले में करमपदा-रेंगडा रेल मार्ग पर आईईडी लगा दिया था, जिसकी चपेट में आकर रेलवे के एक ट्रैकमैन की मौत हो गई थी।
दो महीने पहले हुई थी जवानों की मौत
बता दें, जून महीने में भी सारंडा जंगल में आईईडी विस्फोट की चपेट में आकर सीआरपीएफ के जवान सत्यवान कुमार सिंह शहीद हो गए थे। इसके पहले मार्च महीने में आईईडी विस्फोट की तीन घटनाएं हुई थीं, जिसमें एक सब इंस्पेक्टर की शहादत के अलावा पांच अन्य जवान-अफसर घायल हुए हैं।
सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी
बताया गया है कि भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन अपने दस्ते सदस्यों के साथ सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनके खिलाफ सुरक्षाबलों द्वारा लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है। चाईबासा में पुलिस और सुरक्षाबलों ने पिछले तीन माह के अंदर नक्सलियों के एक दर्जन से ज्यादा डंप को ध्वस्त करते हुए हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया था।
