रांची-टाटा हाईवे पर ग्रामीणों से भरी पिकअप वैन पलटी, चार की मौत, 20 से ज्यादा घायल
Road Accident news: ग्रामीणों से भरी एक पिकअप सवारी वैन रांची-टाटा हाईवे पर गोसाईडीह गांव के पास पलट गई। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
- Written By: पूजा सिंह
रांची-टाटा हाईवे पर ग्रामीणों से भरी पिकअप वैन पलटी (सौ. IANS)
Road Accident On Ranchi-Tata Highway: झारखंड की राजधानी रांची में गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को रांची रिम्स रेफर किया गया है।
यह हादसा बुंडू थाना क्षेत्र में उस वक्त हुआ, जब आदिवासी संगठनों की ओर से बुलाई गई जन आक्रोश रैली में शामिल होने जा रहे ग्रामीणों से भरी एक पिकअप सवारी वैन रांची-टाटा हाईवे पर गोसाईडीह गांव के पास पलट गई।
पिकअप का टायर फटने से हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, पिकअप का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खेत में पलट गया। वाहन में ऊपर और नीचे बैठे कई लोग उसके नीचे दब गए। इस हादसे में मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई।
सम्बंधित ख़बरें
झारखंड में अंधविश्वास बना मौत का कारण! तांत्रिक के कहने पर राख खा रहा था परिवार, 10 दिन में पांच की मौत
48 घंटे में 3 बच्चों की मौत! झारखंड में ब्रेन मलेरिया ने मचाया हड़कंप
रामगढ़ में बड़ा सड़क हादसा! ट्रक और पैसेंजर गाड़ी की भीषण टक्कर में ‘ताशा पार्टी’ के 7 लोगों की मौके पर मौत
JPL फाइनल के दौरान रांची में बड़ा हादसा, स्टेडियम के गेट पर भगदड़ में कई घायल, फैंस ने की तोड़फोड़
चार लोगों की हुई मौत
मृतकों की पहचान ब्रजकिशोर मुंडा (35), रासबिहारी मुंडा (45), डोमन सिंह मुंडा (48), और जगरनाथ सिंह मुंडा (55) के रूप में की गई है। सभी मृतक बुंडू थाना क्षेत्र के सिगिद और ऊपर बालालौंग गांव के निवासी थे। इसकी सूचना मिलते ही बुंडू थाने के प्रभारी रामकुमार वर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से बुंडू अनुमंडल अस्पताल भेजा।
पांच घायल रिम्स रेफर
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को रिम्स, रांची रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बुंडू एसडीओ किस्टो कुमार बेसरा, बीडीओ सावित्री कुमारी और अंचलाधिकारी हंस हेंब्रोम भी मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस आदि की तत्काल व्यवस्था कराई।
ये भी पढ़ें: मुंबई के पवई में बच्चों को बंधक बनाने वाला रोहित आर्या ढेर, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
विधायक विकास कुमार ने जताया दुख
विधायक विकास कुमार मुंडा ने इस घटना को दुखद बताते हुए कहा कि मृतकों के परिजनों को सरकारी मुआवजा दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि घायलों के समुचित इलाज की पूरी व्यवस्था की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक है। आदिवासी समाज ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए बुंडू के ताऊ मैदान में प्रस्तावित जन आक्रोश रैली को स्थगित कर दिया है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
