जम्मू-कश्मीर में आसमान से आफत! बांदीपोरा में बादल फटने से मचा हड़कंप, गांव में घुसा सैलाब- देखें VIDEO

Bandipora Cloudburst: जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले की तुलैल घाटी में बादल फटने से बाढ़ जैसे हालात बन गए। कई मकान और कृषि भूमि क्षतिग्रस्त हुई, प्रशासन राहत व नुकसान के आकलन में जुटा है।
jammu kashmir cloudburst
जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में फटा बादल (Image- Social Media)
Updated on

Jammu Kashmir Bandipora Cloudburst: जम्मू-कश्मीर के उत्तर कश्मीर स्थित बांदीपोरा जिले की गुरेज तहसील की तुलैल घाटी में सोमवार शाम बादल फटने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा के बाद इलाके में बाढ़ जैसे हालात बन गए, जिससे कई मकानों और कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है।

अधिकारियों के मुताबिक, शाम के समय बादल फटने के बाद भारी मात्रा में पानी और मलबा तेज रफ्तार से आबादी वाले क्षेत्र में घुस गया। देखते ही देखते कई घरों में पानी भर गया और खेतों में खड़ी फसलें जलमग्न हो गईं। जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और कई परिवार सुरक्षित स्थानों की ओर निकल गए।

रिहायशी मकानों तक पहुंचा पानी

घटना के बाद प्रशासन ने हालात का जायजा लेना शुरू कर दिया है। प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है और राहत कार्यों पर भी नजर रखी जा रही है। तुलैल के तहसीलदार जावेद अहमद ने एक नीजि चैनल से बातचीत में घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बादल फटने से गांव में स्थित कई रिहायशी मकानों और कृषि फसलों को नुकसान पहुंचा है।

बादल फटने से दहशत में लोग

प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। फिलहाल क्षेत्र में हालात पर नजर रखी जा रही है। वहीं, बादल फटने के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। रिहायशी इलाकों में जलभराव से लोग दहशत में आ गए हैं।

मौसन विभाग ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग ने 17 से 19 जून के बीच जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार जम्मू, कठुआ, अनंतनाग, पुलवामा, किश्तवाड़, डोडा, रामबन, बारामूला, पुंछ और उधमपुर जिलों में तेज बारिश के साथ खराब मौसम देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग ने संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका भी जताई गई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com