जम्मू कश्मीर के डोडा में हादसा (Image- Social Media)
जम्मू: जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में मंगलवार को एक यात्री वाहन के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से तीन लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि टेंपो के चालक ने पोंडा के निकट डोडा-भर्थ मार्ग के एक मोड़ पर वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हो गया। अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य को अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान अभी भी जारी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को डोडा-बराथ मार्ग पर पोंडा इलाके में ये सड़क हादसा हुआ। एक टेंपो ट्रैवलर सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के वक्त वाहन में कई यात्री सवार थे। इस हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और राहत एवं बचाव टीम मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने शवों तथा घायलों को खाई से बाहर निकाला।
एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया है। अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि, इस दुर्घटना में मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता है, क्योंकि कुछ लोगों की स्थिति गंभीर है। उनका फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, घटनास्थल पर अब भी रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सड़क दुर्घटना में मौतों की पुष्टि की है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर कहा, ‘डोडा शहर से लगभग 20 से 25 किलोमीटर दूर बराथ गांव के पास एक निजी टेंपो सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर अभी-अभी डोडा के डीसी हरविंदर सिंह से बात की। अब तक 3 लोगों के हताहत होने की सूचना है, 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।’
यह भी पढ़ें- बेनकाब हुए शहबाज और मुनीर, मुंबई की तर्ज पर पहलगाम हमला, सेना-सरकार का सीधा हाथ!
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, ‘घायलों को हर संभव सहायता और चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है। डीसी व्यक्तिगत रूप से पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं और मुझे नियमित अपडेट दे रहे हैं। आवश्यकतानुसार आगे भी सहायता प्रदान की जाएगी। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।’
(एजेंसी इनपुट के साथ)