रविवार की सुबह तबाही, जम्मू-कश्मीर के रामबन में बादल फटने से तीन लोगों की मौत; हाईवे बंद, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Cloudburst in Ramban District: रामबन के सेरी बगना इलाके में अचानक बादल फटने की घटना में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने पूरे इलाके में तबाही मचा दी है।
- Written By: विकास कुमार उपाध्याय
फोटो सोर्स - सोशल मीडिया
श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले से रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। रामबन के सेरी बगना इलाके में अचानक बादल फटने की घटना में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने पूरे इलाके में तबाही मचा दी है। इस प्राकृतिक आपदा ने न सिर्फ जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है, बल्कि कई लोगों की जिंदगियां भी ले ली हैं।
घटना की जानकारी देते हुए जिला उपायुक्त (DC) बसीर उल हक चौधरी ने बताया कि बीती रात से ही पूरे इलाके में भारी बारिश हो रही थी। इसी के चलते रविवार सुबह सेरी बगना इलाके में बादल फटने की घटना घटी, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ ने कई घरों, दुकानों और वाहनों को नुकसान पहुंचाया है।
जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर भी असर
बादल फटने और लगातार बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे को भी बंद कर दिया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में जगह-जगह भूस्खलन हुआ है, जिससे सड़कों पर भारी मलबा जमा हो गया है। यह हाईवे कश्मीर घाटी को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है, जिसकी बंदी से हजारों लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
सम्बंधित ख़बरें
Explainer: कौन थीं सरला भट्ट? 36 साल बाद अदालत पहुंचा मामला, क्या अब कश्मीरी पंडितों को मिल पाएगा न्याय?
बाबा बर्फानी के भक्तों के लिए खुशखबरी! 3 जुलाई से शुरू होगी यात्रा, रास्ते में मिलेंगे स्वर्ग जैसे नजारें
जम्मू-कश्मीर में बड़ा सड़क हादसा, CISF जवानों से भरी बस हुई दुर्घटनाग्रस्त; 8 जवान समेत 9 घायल, जांच शुरू
Breaking News: जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में बड़ा धमाका, एक की मौत; कई गंभीर रूप से घायल
रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर
इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि रविवार तड़के रामबन जिले के एक गांव में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ के बाद 100 से अधिक लोगों को बचाया गया। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाशरी और बनिहाल के बीच करीब एक दर्जन स्थानों पर भूस्खलन और मिट्टी धंस गई, जिससे यातायात स्थगित करना पड़ा।
धर्म कुंड गांव में अचानक आई बाढ़ के कारण करीब 40 आवासीय मकान क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश और बादल फटने के बावजूद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने फंसे हुए 100 से अधिक ग्रामीणों को बचाया। उन्होंने बताया कि नाले के उफान पर आने से आई बाढ़ में कई वाहन बह गए। यातायात विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि नाशरी और बनिहाल के बीच कई स्थानों पर भूस्खलन, मिट्टी धंसने और पत्थर गिरने के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई।
