Year Ender 2025: दिल्ली में AAP हुई साफ...बिहार में NDA 200 पार, इस साल किसने लगाया सटीक अनुमान?

Year Ender 2025 News: दिल्ली और बिहार चुनाव में एक तरफ आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और महागठबंधन को झटका लगा, तो दूसरी तरफ एग्जिट पोल और ओपनियन पोल कराने वाली सर्वे एजेंसियों का हाल भी बेहाल रहा।
year-ender-2025-delhi-bihar-election-exit-polls-vs-results-survey-failure-analysis
चुनाव परिणाम बनाम अनुमान (डिजाइन फोटो)
Updated on

Political Year Ender 2025:  साल 2025 अपने आखिरी दौर में है। महज पांच दिन शेष हैं और फिर हम नववर्ष 2026 का अभिनंदन करेंगे। 2025 राजनैतिक लिहाज से भी बहुत ही रोचक रहा। इस साल दिल्ली और बिहार में विधानसभा चुनाव हुए। दोनों ही राज्यों में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए की सरकार बनी। पॉलिटिकल ईयर एंडर की यह कड़ी इन्हीं चुनावों के सर्वे से जुड़ी है।

इन दोनों ही राज्यों में हुए चुनावों में एक तरफ आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और महागठबंधन को झटका लगा, तो दूसरी तरफ एग्जिट पोल और ओपनियन पोल कराने वाली सर्वे एजेंसियों का हाल भी बेहाल रहा। हालांकि, एक-दो सर्वें एजेंसियां ऐसी भी थीं जो जनता के मूड को सही-सही भांपने और उन्हें आंकड़ों में व्यवस्थित करने में कामयाबी हासिल की। तो चलिए जानते हैं वे एजेंसियां कौन सी हैं...

दिल्ली में ओपिनियन पोल की भविष्यवाणी

साल की शुरुआत में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव हुए। इन चुनावों वोटिंग से पहले सी वोटर ने ओपनियन पोल कराया, जिसमें दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती हुई दिखाई दी। सर्वें में आप को 51 फीसदी वोट शेयर के साथ मजूबत हालत में बताया, लेकिन नतीजों में कुछ और ही दिखाई दिया।

दिल्ली चुनाव के एग्जिट पोल्स का अनुमान

इसके साथ ही दिल्ली में 5 फरवरी को हुई वोटिंग के बाद सामने आए एग्जिट पोल्स में कई एजेंसियों ने अपने-अपने आंकड़े दिए। जिसमें किसी ने कड़ी टक्कर दिखाई तो किसी ने आम आदमी पार्टी और किसी ने भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत का अनुमान लगाया। सभी एग्जिट पोल्स आप नीचे दी गई टेबल में देख सकते हैं।

एजेंसी AAP BJP कांग्रेस अन्य
Matrize 32 – 37 35 – 40 0 – 1 0
People’s Pulse 10 – 19 51 – 60 0 0
Pmarq 21 – 31 39 – 49 0 – 1 0
JVC 22 – 31 39 – 45 0 – 2 0
Mind Brink 44 – 49 21 – 25 0 – 1 0
पोल ऑफ पोल्स 30 39 0 0

दिल्ली में किस एजेंसी का सर्वे रहा सटीक?

हालांकि जब 8 फरवरी को दिल्ली चुनाव के नतीजे सामने आए तो सभी एग्जिट पोल मुंह के बल धराशाई होते दिखाई दिए। हालांकि पी-मार्क के एग्जिट पोल्स नतीजों के एकदम निकट साबित हुए। दिल्ली में 48 सीटों पर जीत दर्ज करते हुए भाजपा ने सरकार बनाई। जबकि आम आदमी पार्टी महज 22 सीटों पर सिमट गई। अरविंद केजरीवाल तक को हार का सामना करना पड़ा।

बिहार के सर्वेक्षणों में क्या अनुमान लगाया?

बात करें बिहार के चुनावी सर्वेक्षणों और वास्तविक नतीजों की तों यहां भी कुछ इसी तरह का आलम देखने को मिला। यहां वोटिंग से पहले तकरीबन सभी ओपिनियन पोल्स ने एनडीए की जीत की भविष्यवाणी की। वोटिंग के बाद एग्जिट पोल्स में तकरीबन सभी मुख्य सर्वें एजेंसियों ने एनडीए के पक्ष में आंकड़े रखे। यह आंकड़े भी आप नीचे दी गई तालिका में देख सकते हैं।

संख्या एजेंसी एनडीए महागठबंधन जन सुराज अन्य
1 Matrize 147–167 70–90 00–02 02–08
2 People’s Pulse 133–159 75–101 00–05 02–08
3 Dainik Bhaskar 145–160 73–91 00–03 05–07
4 Peoples Insight 133–148 87–102 00–02 03–06
5 JVC 135–150 88–103 00–01 03–06
6 P-Marq 142–162 80–98 01–04 00–03
7 Chanakya Strategies 130–138 100–108 00–00 03–05

सरकार का अनुमान सही, सीटों का गलत

14 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आए तो उपरोक्त तालिक में दिए गए सभी एजेंसियों के सर्वे हवा-हवाई साबित हुए। सर्वे एजेंसियों ने जो एनडीए की जीत का अनुमान जाहिर किया वह तो सच साबित हुआ। लेकिन बिहार में एनडीए की इतनी प्रचंड जीत होगी इसका अनुमान किसी ने नहीं लगाया था।

बिहार में एनडीए को मिला बंपर बहुमत

एनडीए ने 202 सीटों जीत दर्ज करते हुए बिहार में बंपर बहुमत हासिल करते हुए सरकार बनाई। किसी भी सर्वे एजेंसी ने बिहार विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल में एनडीए को 167 सीटों से ज्यादा पर जीत दर्ज करने की संभावना नहीं जताई थी। इस लिहाज से देंखें तो यहां सभी चुनावी सर्वे फेल होते हुए दिखाई दिए।

दिल्ली और बिहार चुनाव के दौरान किए गए सर्वे यह बताते हैं कि हमें जमीनी स्तर पर माहौल को भांपना चाहिए। चुनाव के अंतिम दौर तक उस पर नजर रखनी चाहिए। जनता का मूड रैलियों की भीड़ और नेताओं की बातों से नहीं आंकना चाहिए। सर्वे की जमीनी हवा को पकड़ने की कोशिस करनी चाहिए और अंततः चुनाव नतीजों पर भरोसा करना चाहिए।

Navbharat Live
navbharatlive.com