Chhath Puja: मुस्लिम देश में छठ महापर्व कैसे मनाया जाता है? बिहार के किस परिवार ने की थी शुरुआत

Chhath Festival 2026: मुस्लिम देश में छठ पूजा कैसे मनाई जाती है? जानिए दुबई में 2015 और अबू धाबी में 2017 में कैसे शुरू हुई छठ महापर्व की परंपरा?
Chhath Puja Celebrated
छठ पूजा की फोटो।सोर्स: गूगल इंटरनेट
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • दुबई में किस परिवार ने जुमेराह बीच पर पहली बार छठ पूजा की थी।

  • दुबई, शारजाह और अजमान के समुद्र तटों पर कैसे मनाया जाता है छठ।

Chhath Puja 2026: छठ पूजा भारत के सबसे प्रमुख हिंदू त्योहारों में से एक है। यह पर्व भगवान सूर्य और छठी मैया को समर्पित है। बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड समेत देश के कई राज्यों में इसे बड़े उत्साह और आस्था के साथ मनाया जाता है। हालांकि, छठ की परंपरा अब भारत की सीमाओं तक ही सीमित नहीं है। विदेशों में रहने वाले भारतीय भी अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने के लिए इस महापर्व को पूरे उत्साह से मनाते हैं। मुस्लिम देश संयुक्त अरब अमीरात (UAE) भी इसका एक उदाहरण है, जहां भारतीय समुदाय के लोग समुद्र तटों से लेकर अपने घरों और सोसाइटियों तक में छठ पूजा करते हैं।

UAE में बड़ी संख्या में भारतीय रहते हैं। इनमें बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों की भी अच्छी-खासी आबादी है। कुछ साल पहले तक यहां छठ पूजा मनाना आसान नहीं था, क्योंकि पारंपरिक घाटों की व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में लोगों ने समुद्र तटों पर ही अस्थायी घाट बनाकर पूजा शुरू की। धीरे-धीरे इस परंपरा से अधिक लोग जुड़ते गए और आज दुबई, शारजाह और अजमान जैसे शहरों में छठ पूजा मनाई जाती है।

2015 में दुबई के समुद्र तट पर हुई थी शुरुआत

UAE में छठ पूजा की शुरुआत की कहानी काफी दिलचस्प है। साल 2015 में बिहार के सिवान के रहने वाले और दुबई में बसे प्रमोद सिंह अपनी बेटी का जन्मोत्सव मना रहे थे। उस समय उनकी मां भी दुबई में मौजूद थीं। उनकी मां की इच्छा थी कि विदेश में रहते हुए भी छठ पूजा की परंपरा निभाई जाए।

इसके बाद परिवार के करीब 5-6 लोग दुबई के जुमेराह बीच पहुंचे और वहां छठ पूजा के सभी रीति-रिवाजों का पालन किया। इसे दुबई में समुद्र तट पर छठ पूजा की पहली शुरुआत माना जाता है। इसके बाद हर साल इस पर्व को मनाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई।

प्रमोद सिंह दुबई में 'भोजपुरिया समाज' नाम के संगठन से भी जुड़े हैं। उनका कहना है कि छठ पूजा केवल अपनी जड़ों से जुड़े रहने का प्रयास नहीं है, बल्कि इसके जरिए विदेश में पैदा होने और पले-बढ़े बच्चों को भी भारतीय संस्कृति से परिचित कराया जा रहा है।

Chhath Puja Celebrated
चीन-पाकिस्तान के पुरुष भारतीय पुरुषों से लंबे क्यों हैं? रिसर्च में सामने आई ये वजह

समुद्र तट से लेकर सोसाइटियों तक होती है पूजा

अब UAE में छठ पूजा केवल समुद्र तटों तक सीमित नहीं है। दुबई, शारजाह और अजमान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस पर्व को मनाते हैं। इसके अलावा सोसाइटियों, लेबर कैंप और सामुदायिक स्तर पर भी आयोजन किए जाते हैं।

जो लोग समुद्र तटों तक नहीं पहुंच पाते, वे अपने घरों या सोसाइटियों के आसपास अस्थायी घाट तैयार करते हैं। इसके बाद छठ के सभी पारंपरिक अनुष्ठान किए जाते हैं। इनमें 36 घंटे का निर्जला व्रत, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और उगते सूर्य की पूजा शामिल है।

2017 में अबू धाबी में पहली बार मना छठ

UAE के एक अन्य शहर अबू धाबी में भी छठ पूजा की शुरुआत साल 2017 में हुई थी। उत्तर प्रदेश के बलिया के रहने वाले इंजीनियर नवीन कुमार ने यहां समुद्र तट पर पहली बार पूरे विधि-विधान से छठ पूजा की थी। इसके बाद हर साल यहां रहने वाले हिंदू समुदाय के लोग इस परंपरा को आगे बढ़ाने लगे। अबू धाबी में मामजार बीच पर भी श्रद्धालु छठ पूजा के लिए जुटते हैं।

नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने की कोशिश

विदेश में रहने वाले भारतीय परिवारों के सामने अपनी अगली पीढ़ी को देश की संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने की चुनौती रहती है। खासकर उन बच्चों के लिए, जिनका जन्म और पालन-पोषण UAE में ही हुआ है और जिन्हें भारत आने का मौका नहीं मिला।

ऐसे में छठ पूजा जैसे त्योहार उनके लिए अपनी सांस्कृतिक जड़ों को समझने का माध्यम बनते हैं। परिवारों का मानना है कि इन परंपराओं के जरिए बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और पारिवारिक विरासत के बारे में बताया जा सकता है। इस तरह सात समंदर पार भी छठ महापर्व आस्था के साथ-साथ भारतीय समुदाय को एकजुट करने का माध्यम बन रहा है।

Chhath Puja Celebrated
बाबरी मस्जिद को टूटते देख सोनिया गांधी क्यों रोने लगी? मात्र 1 प्वॉइंट में जानें