मौसम का डबल अटैक: कहीं तबाही वाली बारिश का अलर्ट, तो कहीं गुलाबी ठंड ने दे डाली दस्तक

Weather: पूरे देश में मौसम अलग-अलग हिस्सों में बदला-बदला स्वरूप देखने को मिल रहा, देश के एक हिस्से से मानसून की विदाई लगभग पूरी तरह से हो चुकी है तो वहीं पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों अभी सक्रिय बना है।
weather-update-heavy-rain-alert-in-south-india-temperature-drop-in-north-and-central-india-know-imd-forecast
त्योहारों के बीच देश में मौसम का बदला-बदला मिजाज (कॉन्सेप्ट फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Today Weather Update News: देश भर में मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई लगभग पूरी हो चुकी है, वहीं बंगाल की खाड़ी में एक नया बवंडर पूर्वोत्तर मानसून को सक्रिय कर रहा है। मौसम विभाग ने इसके चलते दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी तबाही वाली बारिश का अलर्ट जारी किया है। दूसरी तरफ, पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर पड़ा है और उत्तर व मध्य भारत में समय से पहले ही गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन अगले 48 घंटों में और तेज हो सकता है। यह सिस्टम मानसून के दूसरे और खूंखार रूप यानी पूर्वोत्तर मानसून की शुरुआत कर रहा है। इसके प्रभाव से दक्षिण भारतीय राज्यों, खासकर तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा और अंदरूनी कर्नाटक में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। तटीय इलाकों में 100 से 150 मिमी तक बारिश का अनुमान है, जिसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

पहाड़ों की बर्फबारी से कांपे मैदानी इलाके

उत्तर भारत के पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का सीधा असर अब हरियाणा, मध्य प्रदेश और एनसीआर के मौसम पर दिखने लगा है। उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के चलते रात के तापमान में भारी गिरावट आई है, जिससे लोगों ने कूलर-पंखे बंद कर दिए हैं। हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि करनाल और महेंद्रगढ़ में भी पारा 18 डिग्री से नीचे चला गया। वहीं, मध्य प्रदेश में तो अभी मानसून पूरी तरह से विदा भी नहीं हुआ और ठंड का असर शुरू हो गया। राज्य का राजगढ़ 14.6 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि इंदौर में 15.5 और भोपाल में 18 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, आसमान साफ रहने से रातें और ठंडी हो सकती हैं।

दक्षिण और पूर्वोत्तर में जारी रहेगा बारिश का दौर

जहां उत्तर और मध्य भारत में ठंड बढ़ रही है, वहीं देश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। IMD के अनुसार, अगले 3-4 दिनों में नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क रहने की संभावना है और अगले कुछ दिनों तक बारिश के कोई आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बचे हुए हिस्सों से भी दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए स्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में अगले तीन दिनों तक हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com