Weather Alert: इन राज्यों में अगले कुछ घंटों में बिगड़ सकता है मौसम, IMD ने जारी की बड़ी चेतावनी
Weather Update 30 July: IMD ने 30 जुलाई को उत्तर प्रदेश, दिल्ली और बिहार समेत देश के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। जानिए आपके शहर का हाल।
- Written By: अमन उपाध्याय
आज का मौसम, सांकेतिक (AI मॉडिफाइड फोटो)
IMD Rain Alert: देश के बड़े हिस्से में मानसून की सक्रियता के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार, 30 जुलाई को एक बड़ा अपडेट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ घंटों के भीतर उत्तर प्रदेश, दिल्ली और बिहार सहित देश के कई राज्यों में तूफानी आंधी और भारी बारिश का तांडव देखने को मिल सकता है।
इस दौरान मैदानी और पहाड़ी इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से लेकर 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
इन राज्यों में जारी हुआ भारी बारिश का अलर्ट
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, छत्तीसगढ़ के मध्य और ओडिशा के उत्तरी इलाकों में बने गहरे अवदाब के चलते मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। IMD ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में ‘येलो’ और ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, बाढ़ और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं हो सकती हैं, जिससे सड़क और रेल यातायात में बाधा आ सकती है।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर में विकास के दावों की खुली पोल: 108 मिमी बारिश ने उजागर की बुनियादी ढांचे की नाकामी
बारिश में डूबा नागपुर का ‘रामजी श्यामजी पोहावाला’! दुकान का बुरा हाल, देखें Ground Report
CM सिटी पानी-पानी! 3 घंटे की बारिश में डूबा नागपुर, स्कूलों से रस्सियों के सहारे निकाले गए छात्र
मौसम की मार से कांपा उत्तराखंड! रुक गई चारधाम यात्रा; इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?
बारिश उत्तर प्रदेश में मानसून का असर 30 जुलाई से और भी गहराने वाला है। विभाग के अनुसार, पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बिजनौर, बागपत, गाजियाबाद और मेरठ जैसे जिलों में गुरुवार और शुक्रवार को भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।
वहीं, राजधानी लखनऊ सहित पूर्वी यूपी के जिलों जैसे सीतापुर, अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का असली जोर 2 से 4 अगस्त के बीच दिखाई देगा। 30 जुलाई को लखनऊ का अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम 28°C रहने का अनुमान है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
देश की राजधानी दिल्ली और पूरे एनसीआर क्षेत्र के लिए आज ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। यहां 30 जुलाई को आंधी-तूफान के साथ आकाशीय बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की चेतावनी दी गई है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
वहीं, बिहार की बात करें तो 30 जुलाई को हल्की बारिश के बाद 31 जुलाई से मानसून और उग्र होगा, जहां 4 अगस्त तक भारी बारिश और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। इसके साथ कुछ जगहों पर बिजली गिरने की संभावना है।
यह भी पढ़ें:- मौसम की मार से कांपा उत्तराखंड! रुक गई चारधाम यात्रा; इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
पहाड़ों पर आफत
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन ने संकट खड़ा कर दिया है। उत्तराखंड में लगातार खराब होते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर फिलहाल रोक लगा दी है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी और कुल्लू सहित अधिकांश जिलों में 31 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट है, जिससे अचानक बाढ़का खतरा बना हुआ है।
