Weather Update: यूपी से लेकर जम्मू-कश्मीर तक भारी बारिश, जानिए किन राज्यों में सबसे ज्यादा खतरा
IMD Weather Alert: IMD के अनुसार 21 जुलाई को देशभर में मॉनसून सक्रिय रहेगा। यूपी के 12 जिलों में रेड अलर्ट, कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, भूस्खलन और बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है।
- Written By: अर्पित शुक्ला
बारिश का अलर्ट (सौजन्य-IANS)
Weather Update 21 July: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 21 जुलाई को देश के अधिकांश हिस्सों में मॉनसून सक्रिय रहेगा। उत्तर, पूर्व, मध्य और दक्षिण भारत के कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से जलभराव, भूस्खलन, अचानक बाढ़ और बिजली गिरने जैसी घटनाओं को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।
पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर में भारी बारिश
बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में सोमवार को तेज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
उत्तर भारत में भी मॉनसून रहेगा सक्रिय
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी वर्षा के चलते भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बना रहेगा। दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने से तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।
सम्बंधित ख़बरें
Assam Floods: असम में बाढ़ से हालात बेहद खराब, अब तक 5 की मौत और 3.63 लाख लोग प्रभावित
ठाणे में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: 48 घंटों में तेज हवाओं संग बरसेगा पानी, पेड़ गिरे, हाइवे पर लगा भारी जाम
Monsoon Rain Alert India: देशभर में मानसून का कहर; पहाड़ टूट रहे, मैदानी इलाकों में मंडराया बाढ़ का बड़ा खतरा
Maharashtra Weather: आज मुंबई, ठाणे और रायगड़ में ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश और 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
यूपी के 12 जिलों में रेड अलर्ट
आईएमडी ने उत्तर प्रदेश के बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कासगंज, एटा, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत 12 जिलों के लिए अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही मजबूत मॉनसूनी हवाओं के कारण राज्य में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 21 से 25 जुलाई तक दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
मध्य और पश्चिम भारत में भी बारिश
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में भी मॉनसून सक्रिय रहेगा। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि गोवा और पश्चिमी घाट के क्षेत्रों में तेज बारिश जारी रह सकती है। किसानों को खेतों में जलनिकासी की व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी गई है।
दक्षिण भारत का मौसम
केरल, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। केरल और तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा हो सकती है, जबकि आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर में बारिश से हालात गंभीर
जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के कारण पिछले दो दिनों में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है, जबकि 7 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। पुंछ और राजौरी जिलों में राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है, हालांकि खराब मौसम के कारण अभियान प्रभावित हो रहा है।
यह भी पढ़ें- कश्मीर में आतंकियों की साजिश नाकाम, बांदीपोरा के बाग में मिला 4 किलो का ‘प्रेशर कुकर बम’, टला बड़ा खतरा
मौसम विभाग ने 23 जुलाई तक जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है और लोगों से नदियों, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
