जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में ग्राम रक्षा गार्ड की मौत, तलाशी अभियान जारी
जम्मू-कश्मीर में उधमपुर जिले के एक गांव में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में ग्राम रक्षा गार्ड के एक सदस्य की मौत हो गई। आतंकवादियों के खात्मे के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी है।
- Written By: शुभम सोनडवले
मौके पर तैनात सुरक्षाबल (प्रतीकात्मक तस्वीर)
जम्मू. जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) में उधमपुर जिले (Udhampur District) के एक दूरदराज के गांव में रविवार सुबह आतंकवादियों (Terrorists) के साथ मुठभेड़ में ग्राम रक्षा गार्ड (वीडीजी) के एक सदस्य की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों के खात्मे के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि माना जा रहा है कि ये आतंकवादी हाल ही में पाकिस्तान से घुसपैठ करके यहां आये हैं।
अधिकारियों ने बताया कि बसंतगढ़ के पनारा गांव में पुलिस और ग्राम रक्षा गार्ड के गश्ती दल की संदिग्ध आतंकवादियों से सुबह करीब पौने आठ बजे मुठभेड़ हुई। उनके अनुसार, आधे घंटे से अधिक समय तक हुई गोलीबारी के बाद आतंकवादी जंगल की तरफ में भाग गए और सुरक्षा बलों ने उनका पीछा किया। अधिकारियों ने बताया कि खानेड निवासी वीडीजी के सदस्य मोहम्मद शरीफ गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, “संदिग्ध लोगों की गतिविधियों के बारे में शनिवार देर शाम जानकारी मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बसंतगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र की सीमा में सुरक्षा तंत्र को सक्रिय कर दिया था। वीडीजी के सदस्यों के साथ पुलिस का एक दल आज सुबह ‘चोचरू गाला हाइट्स’ रवाना हुआ जहां आतंकवादियों के एक समूह के साथ उनकी मुठभेड़ हो गई।”
सम्बंधित ख़बरें
गुलमर्ग रोपवे में खराबी से हड़कंप, आसमान में अटकीं 300 लोगों की सांसें! रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी सेना- VIDEO
जम्मू-कश्मीर में फिर गूंजी गोलियों की आवाज, परी नल्लाह में चल रही मुठभेड़, राजौरी में हाई अलर्ट जारी
उमर अब्दुल्ला लापता! BJP ने जारी किया पोस्टर, दर्ज कराएंगे गुमशुदगी की रिपोर्ट, फारूख अब्दुल्ला का आया रिएक्शन
पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड बुरहान हमजा का PoK में खात्मा, अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली
प्रवक्ता ने बताया कि घेराबंदी मजबूत करने और आतंकवादियों के सफाए के लिए सेना तथा सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) के दलों के साथ पुलिस के विशेष अभियान समूह को इलाके में भेजा गया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार हाल ही में आतंकवादियों के दो समूहों की कठुआ से बसंतगढ़ की ओर जाने की जानकारी मिली थी। उन्होंने बताया कि पांच सदस्यों वाले एक समूह से टकराव हो गया और दूसरे समूह का पता नहीं चल पाया है।
उन्होंने बताया कि इस समूह में चार सदस्य हैं और आखिरी बार कठुआ की सीमा से सटे पहाड़ी इलाके मचेडी में इनकी गतिविधि के बारे में सूचना मिली थी।
सूत्रों ने बताया कि माना जा रहा है कि आतंकवादियों ने कठुआ जिले से घुसपैठ की है और घने जंगल का फायदा उठाकर चिनाब घाटी के रास्ते कश्मीर की ओर बढ़ रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि सेना ने विशेष बलों को वन क्षेत्र में उतारा है और आतंकवादियों का पता लगाने और उनके खात्मे के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों से दोबारा सामना नहीं हुआ है। (एजेंसी)
