सावधान! अगले कुछ घंटों में इन राज्यों में होगी मूसलाधार बारिश, 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; IMD का अलर्ट

Today Weather Update: IMD ने अगले कुछ घंटों के भीतर उत्तर प्रदेश, बिहार और हिमाचल समेत कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। जानें अपने शहर का हाल।
Alert! Torrential rain and winds gusting at 60 kmph expected in these states over the next few hours; IMD issues warning.
आज का मौसम, फोटो- नवभारत डिजाइन
Published on
Updated on

Kaisa Rahega Aaj ka Mausam:  भारत के अधिकांश हिस्सों में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है, जिससे कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताजा बुलेटिन जारी करते हुए चेतावनी दी है कि अगले कुछ घंटों के भीतर देश के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

इस दौरान बादलों की गर्जना के साथ-साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

इन राज्यों में मंडरा रहे हैं बादल

IMD के अनुसार, जिन राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, बिहार, तेलंगाना, सिक्किम, असम, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र प्रमुख रूप से शामिल हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 3-4 दिनों तक पूर्वोत्तर भारत के साथ-साथ बिहार और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। विशेष रूप से मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यधिक भारी वर्षा की आशंका जताई गई है।

यूपी में कैसा रहेगा आज का मौसम?

उत्तर प्रदेश में मानसून का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। यूपी में 14 से 19 जुलाई के बीच कई चरणों में बारिश होगी, जिसमें पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 से 19 जुलाई के दौरान भारी बारिश का अलर्ट है।

बिहार में कैसा रहेगा मौसम

बिहार में 14 और 15 जुलाई को कुछ स्थानों पर 'बहुत भारी' बारिश की चेतावनी दी गई है। बिहार में बारिश के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे खेतों में खड़ी फसलों और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंच सकता है।

दिल्ली-NCR में उमस से बढ़ेगी परेशानी

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) के लिए मौसम विभाग का पूर्वानुमान थोड़ा अलग है। यहां पिछले दिनों हुई बारिश के बाद अब मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 14 से 18 जुलाई के बीच दिल्ली में बारिश के कोई पुख्ता संकेत नहीं हैं, लेकिन बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।

हालांकि, तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा। दिल्ली का अधिकतम तापमान 37°C तक पहुंचने का अनुमान है।

पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता ने चिंता बढ़ा दी है। उत्तराखंड में 15 से 19 जुलाई के दौरान भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश में 18-19 जुलाई को 40 से 60 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

जम्मू-कश्मीर में भी स्थिति ऐसी ही बनी हुई है, जहां तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रियों को यात्रा टालने की सलाह दी गई है क्योंकि भारी बारिश से भूस्खलन का खतरा बना रहता है।

दक्षिण भारत में हीटवेव

जहां उत्तर भारत बारिश से सराबोर है, वहीं तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 15 जुलाई तक हीटवेव (लू) चलने की आशंका है। इसके अलावा ओडिशा, तमिलनाडु और पुडुचेरी में मौसम काफी गर्म और उमस भरा बना रहेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com