मनमोहन सिंह के स्मारक स्थल पर छिड़ा विवाद, अखिलेश और मायावती ने सरकार से लगाई ये गुहार
कांग्रेस ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि मनमोहन सिंह की अंत्येष्टि और स्मारक के लिए सरकार द्वारा स्थान नहीं ढूंढ पाना भारत के पहले सिख प्रधानमंत्री का जानबूझकर किया गया अपमान है।
- Written By: मनोज आर्या
मनमोहन सिंह (सौजन्यः सोशल मीडिया)
लखनऊ: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के अंत्येष्टि स्थल और स्मारक को लेकर केंद्र पर निशाना साधा है। सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले में कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। गृह मंत्रालय ने कहा था कि मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ नई दिल्ली के निगमबोध घाट पर सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर किया जाएगा। इसके बाद ही राजनीतिक दलों ने हमले करने शुरू कर दिए। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री (मनमोहन सिंह) जी की समाधि के संदर्भ में सम्मान की परंपरा का निर्वहन होना चाहिए। इस विषय पर न किसी राजनीति की आवश्यकता है, न होनी चाहिए।
अखिलेश यादन ने अपने पोस्ट में आगे कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह जी की समाधि राजघाट पर ही बननी चाहिए। भाजपा अपनी संकीर्ण सोच का अनुचित उदाहरण प्रस्तुत न करे। इतिहास भारतीय जनता पार्टी को उसके इस नकारात्मक नजरिये के लिए कभी माफ नहीं करेगा। पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए नसीहत देते हुए शनिवार को कहा कि केंद्र सरकार को देश के पहले सिख प्रधानमंत्री रहे डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार उसी स्थान पर करना चाहिए और उनके सम्मान में उसी स्थान पर स्मारक बनवाना चाहिए जहां उनके परिवार की दिली इच्छा है।
मायावती ने राजनीति को बताया गलत
मायावती ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में आगे कहा कि इसके लिए कोई राजनीति करना ठीक नहीं है और इन मामलों में यदि केंद्र सरकार उनके परिवार एवं सिख समाज की भी भावनाओं का सम्मान करती है तो यह उचित होगा। पूर्व प्रधानमंत्री का गुरुवार की रात निधन हो गया था। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार रात कहा था कि सरकार पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए स्थान आवंटित करेगी और इस बारे में उनके परिवार तथा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को सूचित कर दिया गया है।
सम्बंधित ख़बरें
अखिलेश यादव को शर्म आनी चाहिए… वाराणसी में सपा के खिलाफ बीजेपी कार्यकर्ताओं का फूटा गुस्सा। देखें VIDEO
अखिलेश यादव से मिलने का ‘रेट कार्ड’ लीक, राजभर ने खोली सपा की पोल, कार्यकर्ताओं ने खुद बताया सच! मचा बवाल
‘शिक्षा-रोजगार पर क्यों नहीं बोलते?’ अखिलेश यादव पर ओम प्रकाश राजभर के तीखे सवाल-VIDEO
UP सियासत में तख्तापलट! अखिलेश यादव का ‘ब्राह्मण कार्ड’ उड़ाएगा BJP की नींद? देखें VIDEO
केंद्र सरकार ने स्मारक के लिए जगह की आवंटित
पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय डॉ. मनमोहन सिंह के स्मारक के संबंध में तथ्य शीर्षक से देर रात जारी एक विज्ञप्ति में मंत्रालय ने कहा कि सरकार को कांग्रेस प्रमुख खरगे से मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए स्थान आवंटित करने का अनुरोध प्राप्त हुआ है। कैबिनेट की बैठक के तुरंत बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खरगे और मनमोहन सिंह के परिवार को सूचित किया कि सरकार स्मारक के लिए स्थान आवंटित करेगी।
मनमोहन सिंह से जुड़ी अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक…
खरगे ने पीएम मोदी को लिखा था पत्र
खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर आग्रह किया था कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार ऐसे स्थान पर किया जाए जहां उनका एक स्मारक बन सके। कांग्रेस ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि मनमोहन सिंह की अंत्येष्टि और स्मारक के लिए सरकार द्वारा स्थान नहीं ढूंढ पाना भारत के पहले सिख प्रधानमंत्री का जानबूझकर किया गया अपमान है।
