Weather Update: फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, उत्तर भारत में सताएगी शीतलहर

Weather News: नए साल की शुरुआत के साथ कई राज्यों में सर्दी ने तेवर कड़े किए हैं। गिरते पारा और शीतलहर ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
The weather will change again, cold wave will trouble North India
दिल्ली में छाया कोहरा। इमेज-सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Weather Forecast: नए साल ने भीषण ठंड के साथ दस्तक दी है। पिछले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में और राजस्थान, ओडिशा, बिहार और झारखंड के कुछ स्थानों पर तापमान 4 डिग्री से 10 डिग्री के बीच रहा।

मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के विभिन्न इलाकों में तापमान इसी सीमा में दर्ज हुआ।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले दो दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने की प्रबल संभावना है। 5–7 दिनों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में, जबकि अगले 3-4 दिनों तक जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान में कुछ जगहों पर रात और सुबह के समय बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। आज पंजाब तथा हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में और 2 से 3 जनवरी के बीच बिहार में शीत दिवस जैसी स्थिति रहने के आसार हैं। 2 से 4 जनवरी के दौरान हिमाचल प्रदेश में, 2 से 5 जनवरी तक पंजाब और हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली में तथा 4 से 7 जनवरी 2026 के बीच राजस्थान में शीतलहर चलने की संभावना है।

दिल्ली में कोहरा छाया

दिल्ली में आज आसमान बादलों से ढका रह सकता है। सुबह में कई इलाकों में हल्का कोहरा और कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया है। अधिकतम तापमान 16–18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8–10 डिग्री रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक (2.1 से 4.1 डिग्री ऊपर) और अधिकतम तापमान सामान्य से कुछ कम (–1.3 से 3.3 डिग्री के बीच) रह सकता है। सुबह सतह के पास मुख्य हवा उत्तर-पश्चिम दिशा से चलेगी। इसकी रफ्तार 5 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है। दोपहर में हवा तेज होकर उत्तर-पश्चिम से 10 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। शाम और रात में इसकी गति घटकर 6 किमी प्रति घंटा से कम रहने की संभावना है।

यूपी में मौसम कैसा रहेगा?

राज्य के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया है। ठंडी हवाएं गलन को और बढ़ा रही हैं। IMD का कहना है कि पिछले हफ्ते से फैला कोहरा धीरे-धीरे छंटेगा और धूप निकलने से ठंड में कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से वायुमंडल में अस्थिरता बढ़ रही है। इस चलते उत्तर प्रदेश के दूरस्थ तराई और दक्षिणी हिस्से के कुछ स्थानों को छोड़कर अधिकतर इलाकों में कोहरा कम होने की संभावना है।

बिहार में मौसम का हाल

नए साल की शुरुआत बिहार में भी कड़ाके की ठंड के साथ हुई। साल के पहले दिन घने कोहरे और शीत दिवस जैसी स्थिति से तुरंत राहत मिलने के संकेत नहीं हैं। आईएमडी के साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार आज से ठंड में कुछ कमी आने की संभावना है। कोल्ड डे की स्थिति के साथ कोहरे में कमी दिख सकती है। उत्तर बिहार के कुछ जिलों में घना कोहरा बना रह सकता है। पटना, गया, जमुई, भागलपुर, मुंगेर, पूर्णिया, किशनगंज समेत अधिकतर जिलों के लिए न तो कोहरे और न शीत दिवस की चेतावनी जारी की गई है। 7 जनवरी तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है। तीन दिनों में दिन और रात के तापमान में 3 डिग्री तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है।

राजस्थान में ऐसा रहेगा मौसम

मौसम केंद्र जयपुर ने नाउकास्ट (तात्कालिक चेतावनी) जारी करते हुए कई इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक, घने कोहरे और शीतलहर की संभावना जताई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तरी हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में बना परिसंचरण तंत्र राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों को प्रभावित करेगा। आज से राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। उत्तर, पश्चिम और पूर्वी राजस्थान में घना से अति-घना कोहरा छाने की चेतावनी दी गई है, जिससे दृश्यता घट सकती है। शेखावाटी में 3 से 4 जनवरी के दौरान शीतलहर चलने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 2-4 डिग्री तक गिर सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com