

Tamil Nadu Assembly Election Result 2026: तमिलनाडु में आज, 4 मई को विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती हो रही है। शुरुआती रुझानों में अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (TVK) शानदार प्रदर्शन करती नजर आ रही है। TVK फिलहाल 98 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, सत्तारूढ़ एमडीके शुरुआती रुझानों में एडीएमके से भी नीचे खिसक गई है।
TVK के इस धमाकेदार प्रदर्शन के बाद चर्चा तेज हो गई है कि क्या विजय तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री मारुथुर गोपालन रामचंद्रन (MGR) जैसा करिश्मा दोहरा पाएंगे। MGR तमिल सिनेमा के पहले ऐसे अभिनेता थे जिन्होंने अपनी राजनीतिक पार्टी बनाई थी और 1977 के विधानसभा चुनाव में तत्कालीन DMK सरकार को हराकर जीत हासिल की थी।
MGR को तमिल सिनेमा का पहला और सबसे बड़ा सुपरस्टार माना जाता था। तमिलनाडु में फैंस द्वारा फिल्मी हीरो की पोस्टर को पूजने और दूध से नहलाने की ट्रेंड MGR के फैंस ने ही शुरू की थी। MGR ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत 1950 के दशक में ई.वी. रामासामी 'पेरियार' की राजनीतिक पार्टी द्रविड़ कड़गम (DK) से की थी। लेकिन पेरियार के निधन के बाद उनका अपने दोस्त और बाद में राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी एम करुणानिधि से मतभेद हो गया।
इसके बाद MGR ने 1972 में अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) का गठन किया था। MGR ने 1977 के विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ा फैसला लेते हुए किसी भी गठबंधन में शामिल न होकर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया। MGR बहुत बड़े सुपरस्टार थे, लेकिन उनके लिए भी अकेले चुनाव लड़ना आसान नहीं था। हालांकि, वे अपने फैसले पर डटे रहे और चुनाव में लगभग चमत्कार करते हुए 144 सीटों पर जीत दर्ज की और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने।
MGR के बाद यह कारनामा उनकी सहयोगी और तमिल सिनेमा की और बड़ी हस्ती जयललिता ने किया। 1987 में MGR के निधन के बाद जयललिता ने AIADMK में पड़ी फूट को संभाला और 1991 में कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला किया। 1991 के विधानसभा चुनाव में जयललिता की लहर थी। उनके नेतृत्व में AIADMK ने 234 में से 225 सीटों पर जीत हासिल की। इस जीत के बाद जयललिता ने पहली बार तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। अब ऐसा ही कुछ थलापति विजय करते हुए नज़र आ रहे हैं।
भारतीय निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 10 बजे तक के रुझानों में विजय की पार्टी TVK 62 विधानसभा सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। भाजपा की सहयोगी AIADMK दूसरे नंबर पर है, जिसने अब तक 51 सीटों पर बढ़त हासिल की है। जबकि एमके स्टालिन की पार्टी DMK सिर्फ 27 सीटों पर आगे चल रही है।
Vijay TVK leads Tamil Nadu election
तमिलनाडु में सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हुई। पहले आधे घंटे पोस्टल बैलेट के वोट गिने गए और फिर 8:30 बजे से EVM से गिनती शुरू हुई। शुरुआती रुझानों में बढ़त के बीच TVK के चुनाव प्रचार प्रबंधन महासचिव आधव अर्जुन, लोयोला कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र पहुंचे और जीत का निशान दिखाने के बाद अंदर चले गए।
234 सीटों वाली विधानसभा के लिए चुनाव 23 अप्रैल को एक ही चरण में हुए थे। भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) के अनुसार, कुल 4.8 करोड़ वोट डाले गए और मतदान प्रतिशत 85.1 प्रतिशत रहा। तमिलनाडु में पिछले चार विधानसभा चुनावों में पहली बार 2026 में मतदाताओं में महिलाओं की हिस्सेदारी 80 प्रतिशत से अधिक रही है।