विधानसभा चुनाव परिणाम: असम-बंगाल में BJP को बहुमत, केरल में कांग्रेस सरकार; तमिलनाडु में TVK सबसे बड़ी पार्टी

Assembly Elections Result: देश के 5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आ चुके हैं। असम और बंगाल में बीजेपी को प्रचंड बहुमत मिला है। वहीं, केरल में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।
विधानसभा चुनाव परिणाम लाइव
विधानसभा चुनाव परिणाम लाइव: बंगाल समेत 5 राज्यों में मतगणना, फोटो- नवभारत डिजाइन

Assembly Elections Result 2026 Live Updates: देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव का मतगणना खत्म हो चुका है। असम और पश्चिम बंगाल में बीजेपी को प्रचंड बहुमत मिला है। बंगाल में खुद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने विधानसभा सीट पर चुनाव हार गईं। भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर में उन्हें करीब 15000 वोटों से हराया। केरल में दो दशक बाद कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। 10 साल से केरल की सत्ता में काबिज पिनराई विजयन सरकार के खिलाफ केरल के लोगों ने वोट किया, जिसके बदौलत अब राज्य में नई सरकार बनेगी। तमिलाडु विधासभा चुनाव के नतीजे ने सभी को चौंका दिया है। जहां पहली बार चुनावी लड़ाई में उतरी थलापति विजय की पार्टी टीवीके 107 सीटों पर जीत दर्ज कर सबसे बड़ी पार्टी बनीं। इस चुनाव में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन खुद चुनाव हार गए। चुनावी नतीजों से संबंधित अधिक जानकारी के लिए पूरी ब्लॉग को चेक करें।

यह बंगाल के लोगों की जीत है- सुवेंदु अधिकारी

BJP नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि सभी को बधाई। यह बंगाल के लोगों की जीत है। यह मोदी जी की जीत है।

भवानीपुर सीट से हारीं सीएम ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे लगभग सामने आ चुके हैं। जहां तृणमूल कांग्रेस को बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। भवानीपुर विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद चुनाव हार चुकी हैं। बीजेपी के सुवेंदु अधिकारी ने उन्हें लगभग 15000 वोटों से हराया है।

भवानीपुर में ममता बनर्जी से आगे निकले सुवेंदु अधिकारी

पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। कुछ सीटों पर नतीजे साफ हो चुके हैं। वहीं, कुछ सीटों पर अभी भी मतगणना की जा रही है। भवानीपुर में 16 राउंड की गिनती के बाद बीजेपी प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी ममता बनर्जी से आगे निकल चुके हैं।

आज का ये दिन ऐतिहासिक है- PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज का ये दिन ऐतिहासिक है, अभूतपूर्व है। जब वर्षों की साधना सिद्धी में बदलती है तो चेहरे पर जो खुशी होती है वो खुशी आज मैं देश भर के भाजपा के कार्यकर्ताओं के चेहरे पर देख रहा हूं।

TVK चीफ विजय ने चेन्नई में लोगों का अभिवादन किया

TVK चीफ विजय चेन्नई में अपने माता-पिता के आवास के बाहर मौजूद भीड़ का अभिवादन करते हुए। उनकी पार्टी ने तमिलनाडु चुनाव में सबसे ज़्यादा बढ़त हासिल की है।

भाजपा मुख्यालय पहुंचे PM मोदी

असम और पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। नई दिल्ली स्थिति पार्टी मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह समेत कई नेता मौजूदा हैं। पीएम मोदी यहां से कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करेंगे।

बीजेपी मुख्यालय पहुंचे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह असम और पश्चिम बंगाल चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन का जश्न मनाने के लिए पार्टी मुख्यालय पहुंचे।

आसनसोल दक्षिण से BJP की अग्निमित्रा पॉल जीतीं

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने लगे हैं। इसी कड़ी में आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल ने जीत दर्ज कर लिया है। उन्हें टीएमसी उम्मीदवार को 40839 वोटों से हराया है।

मेरी बेटी सिर्फ मेरी बेटी नहीं, पूरे राष्ट्र की बेटी- रत्ना देबनाथ

आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज दुष्कर्म और हत्या मामले की पीड़िता की मां और पानीहाटी सीट से भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ ने कहा कि मेरी बेटी सिर्फ मेरी बेटी नहीं है, वह पूरे राष्ट्र की बेटी है। पूरी दुनिया पानीहाटी को देख रही थी... मेरी लड़ाई यहीं खत्म नहीं होती। जब तक मैं जीवित रहूंगी, मैं अपनी लड़ाई जारी रखूंगी, अभी न्यायालय में मामला चल रहा है। मेरी लड़ाई आगे जारी रहेगी, यह नए विचारों की लड़ाई है।

भवानीपुर में 12 राउंड के बाद रुकी मतगणना

कोलकाता जिले के भवानीपुर विधानसभा चुनाव की मतगणना 12वें राउंड के बाद रोक दी गई है। यहां से टीएमसी प्रमुख और बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी उम्मीदवार हैं। फिलहाल ये दोनों नेता काउंटिंग सेंटर में मौजूद हैं।

ममता बनर्जी की राजनीति का सूर्यास्त- कैलाश विजवर्गीय

मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की राजनीति पर कहा कि ममता बनर्जी की राजनीति का तो सूर्यास्त हो गया है और सूर्यास्त तक तो मतगणना समाप्त हो जाएगी। 3-4 बाद वहां पर TMC कार्यकर्ता बीजेपी शामिल होना शुरू कर देंगे ये मेरी भविष्यवाणी हैं।

तमिलनाडु में कांग्रेस से गठबंधन कर सकती है TVK

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद आज सोमवार, 4 मई को वोटों की गिनती जारी है। दोपहर तक के रुझानों ने इस बार सभी को चौंका कर रख दिया है। जहां पहली बार चुनावी मैदान में उतरी विजय थलापति की टीवीके ने शानदार प्रदर्शन के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। मतगणना के बीच ऐसी चर्चा चल रही है कि टीवीके कांग्रेस के साथ गठबंधन कर सकती है।

भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी आगे

पश्चिम बंगाल में दो चरणों में हुए विधानसभा चुनाव के बाद आज सोमवार, 4 मई को वोटों की गिनती जारी है। कोलकाता जिले के भवानीपुर विधानसभा सीट से टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी 7184 वोटों से आगे चल रही हैं।

केरल में LDF सरकार बहुत भ्रष्ट थी- के.सी. वेणुगोपाल

कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि जनता में सरकार के प्रति एंटी-इनकंबेंसी थी...हमने इस एंटी-इनकंबेंसी का लाभ उठाया...राज्य की जनता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी वाड्रा को बहुत चाहती है। LDF सरकार बहुत भ्रष्ट थी।

हम केरलम के विकास के लिए लड़ेंगे- राजीव चंद्रशेख

केरलम भाजपा के अध्यक्ष और नेमोम से उम्मीदवार राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि इस चुनाव में CPI(M) के खिलाफ बहुत ज्यादा एंटी इनकंबेंसी थी, इस चुनाव में लोगों को CPI(M) बाहर करना था... भाजपा 98 सीटों और NDA 140 पर लड़ी थी, जब तक नतीजें स्पष्ट होंगे, यह समझ आ जाएगा कि भाजपा का मतदान प्रतिशत बढ़ा है, हम एक रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। भले हम 2 विधायक हैं लेकिन हम केरलम के विकास के लिए लड़ेंगे।

चुनाव हार गए गौरव गोगोई

असम की जोरहाट सीट से विधानसभा चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के नेता गौरव गोगोई तकरीबन 23 हजार वोटों से हार गए हैं। बीजेपी के हितेंद्र नाथ गोस्वामी को जीत मिली है। उन्हें 69,439 वोट मिले हैं।

'जो हुआ, अच्छे के लिए हुआ- ये क्या बोल गए हुमायूं कबीर

बंगाल में बीजेपी के शानदार प्रदर्शन पर हुमायूं कबीर ने कहा, 'जो हुआ, अच्छे के लिए हुआ, यह होना ही था। तीन बार मुख्यमंत्री रहते हुए ममता बनर्जी ने अपने भतीजे को अपार शक्ति दी, जनता को धोखा दिया और उनकी संपत्ति लूटी। टीएमसी को करारा जवाब देने के लिए मैं बंगाल की जनता को बधाई देता हूं. मैं दोनों सीटें जीतूंगा।'

169 सीट पर भाजपा तो 91 सीट पर टीएमसी आगे

बंगाल चुनाव में भाजपा ने बढ़त बना ली है। बीजेपी तकरीबन 169 सीटों पर आगे चल रही है जबकि टीएमसी 91 सीटों पर लीड कर रही है।

ममता बनर्जी भवानीपुर में पीछे, भाजपा सरकार बना रही है: सुवेंदु अधिकारी

पश्चिम बंगाल विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और नंदीग्राम एवं भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "3 राउंड के बाद भाजपा 165 सीटें पर आगे है। नंदीग्राम में 3 राउंड के बाद लगभग 7 हजार वोटों से मैं आगे हूं। ममता बनर्जी भवानीपुर में पीछे चल रही हैं। सभी हिंदुओं और सनातनियों का बहुत-बहुत धन्यवाद। ममता बनर्जी भवानीपुर में हारने वाली हैं। भाजपा सरकार बना रही है। भाजपा को स्पष्ट जनादेश मिल रहा है। प्रारंभिक रुझानों में बंगाल ममता बनर्जी को नकार रहा है।"

पश्चिम बंगाल में भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा किया पार

पश्चिम बंगाल में भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है, अभी 148 सीटों पर आगे चल रही है। मतगणना अभी भी जारी है।

शाम को बीजेपी मुख्यालय जाएंगे पीएम मोदी

बीजेपी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन कर रही है। असम में बीजेपी की सरकार वापस हो रही है। बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार पीछे होती दिखाई दे रही है। प्रधानमंत्री मोदी के शाम करीब साढ़े छह बजे बीजेपी मुख्यालय जाने की सूचना आ रही है।

पुडुचेरी में कुल 30 सीटों में से 17 सीटों के रुझान

पुडुचेरी में कुल 30 सीटों में से 17 सीटों के रुझान सामने आए हैं, जहां बहुमत का आंकड़ा 16 है। AINRC 7 सीटों पर बढ़त के साथ सबसे आगे है। कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवार 3-3 सीटों पर आगे हैं। BJP 2 सीटों पर लीड में है, जबकि AIADMK और DMK 1-1 सीट पर आगे हैं।

पार्टी जीती बढ़त कुल
ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (AINRC) 0 7 7
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) 0 3 3
निर्दलीय 0 3 3
भारतीय जनता पार्टी (BJP) 0 2 2
ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कझगम (AIADMK) 0 1 1
द्रविड़ मुनेत्र कझगम (DMK) 0 1 1
कुल 0 17 17

केरल के शुरुआती रुझानों में कांग्रेस सबसे आगे

केरल के शुरुआती रुझानों में कांग्रेस सबसे आगे नजर आ रही है और 54 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। CPI(M) 31 सीटों पर आगे है, जिससे वह दूसरे स्थान पर है। IUML 20 सीटों पर बढ़त के साथ महत्वपूर्ण भूमिका में दिख रही है। CPI भी 12 सीटों पर लीड में है, जो वामपंथी गठबंधन की उपस्थिति दिखाता है।

पार्टी जीती बढ़त कुल
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) 0 54 54
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) CPI(M) 0 31 31
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) 0 20 20
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) 0 12 12
केरल कांग्रेस 0 5 5
भारतीय जनता पार्टी (BJP) 0 3 3
केरल कांग्रेस (एम) 0 3 3
रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (RSP) 0 3 3
निर्दलीय 0 2 2
कम्युनिस्ट मार्क्सिस्ट पार्टी केरल स्टेट 0 1 1

असम के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी मजबूत

असम के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी काफी मजबूत स्थिति में नजर आ रही है और 68 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। कांग्रेस 20 सीटों पर आगे है, लेकिन BJP से काफी पीछे है। BPF और AGP क्रमशः 8 और 7 सीटों पर बढ़त के साथ क्षेत्रीय स्तर पर प्रभाव दिखा रहे हैं। अन्य छोटी पार्टियां सीमित सीटों पर लीड में हैं।

पार्टी जीती बढ़त कुल
भारतीय जनता पार्टी (BJP) 0 68 68
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) 0 20 20
बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) 0 8 8
असम गण परिषद (AGP) 0 7 7
ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) 0 2 2
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) CPI(M) 0 1 1
झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) 0 1 1
असम जातीय परिषद (AJP) 0 1 1
राजोर दल 0 1 1
कुल 0 109 109

तमिलनाडु के शुरुआती रुझानों में मुकाबला दिलचस्प, टीवीके आगे

तमिलनाडु के शुरुआती रुझानों में मुकाबला दिलचस्प नजर आ रहा है। तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) 68 सीटों पर बढ़त के साथ सबसे आगे है। AIADMK 51 सीटों पर लीड लेकर दूसरे स्थान पर है। DMK 28 सीटों पर आगे है, जिससे वह तीसरे नंबर पर दिख रही है। अन्य पार्टियां जैसे कांग्रेस, PMK और बाकी दल सीमित सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।

पार्टी जीती बढ़त कुल
तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) 0 68 68
ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कझगम (AIADMK) 0 51 51
द्रविड़ मुनेत्र कझगम (DMK) 0 28 28
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) 0 5 5
पट्टाली मक्कल काची (PMK) 0 3 3
भारतीय जनता पार्टी (BJP) 0 1 1
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) 0 1 1
देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कझगम (DMDK) 0 1 1
पुथिया तमिलगम 0 1 1
अम्मा मक्कल मुनेत्र कझगम (AMMK) 0 1 1

भाजपा को बंगाल में बढ़त, ममता बनर्जी की पार्टी पीछे

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार BJP सबसे आगे है और 36 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जो उसे स्पष्ट बढ़त दिलाती दिख रही है। TMC 14 सीटों पर आगे है, लेकिन अभी BJP से काफी पीछे नजर आ रही है। अन्य एक सीट पर बढ़त बनाए हुए है, जो क्षेत्रीय स्तर पर सीमित प्रभाव दिखाता है।

पार्टी जीती बढ़त कुल
भारतीय जनता पार्टी (BJP) 0 42 42
ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (TMC) 0 22 22
भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा 0 1 1
कुल 0 65 65

पुडुचेरी-असम में बीजेपी को बढ़त को बंगाल में 50-50 का रुझान

पाचों राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव के रुझान आते शुरू हो गए हैं। पुडुचेरी और असम में भाजपा ने बढ़त बनाई है तो वहीं बंगाल में मामला बराबरी का चल रहा है।

असम में मतगणना जारी

पश्चिम बंगाल में मतगणना, ड्रोन कैमरों और केंद्रीय बलों की निगरानी में ईवीएम

कोलकाता के राशबिहारी विधानसभा क्षेत्र के लिए बैलीगंज गवर्नमेंट हाई स्कूल को मतगणना केंद्र बनाया गया है। यहां केंद्रीय बलों, राज्य पुलिस और कोलकाता पुलिस की भारी तैनाती की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है और सभी प्रवेश द्वारों पर बैरिकेडिंग की गई है। वहीं, मालदा कॉलेज में पांच विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना की जाएगी। यहां भी तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू है और 163 बटालियन को तैनात किया गया है। विशेष रूप से इस बार ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

बंगाल में TMC-BJP में कांटे की टक्कर

बंगाल में मतगणना शुरू हो चुकी है। शुरूआती रुझान की बात करें तो दोनों ही पार्टियों में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। सटीक आंकड़ों की प्रतीक्षा है।

बीजेपी मुख्यालय में छन रही जलेबी

असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों की वोटों की गिनती शुरू होने के साथ ही दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में जलेबियां बनाई जा रही हैं।

पांचों राज्यों में काउंटिंग शुरू, जल्द आने लगेंगे रुझान

सभी पांचों राज्यों में वोटों की काउंटिंग शुरु हो चुकी है। जल्द ही शुरूआती रुझान आने शुरू हो जाएंगे।

शुभेंदु अधिकारी ने किया जीत का दावा

मतगणना शुरू होने के पहले बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया है कि राज्य में उनकी पार्टी सरकार बनाएगी. उन्होंने कहा कि बंगाल में कानून व्यवस्था सुधारी जाएगी और विकास, सुरक्षा तथा हिंदुत्व का नया अध्याय शुरू होगा।

खुलने लगे स्ट्रांग रुम के ताले

पुडुचेरी चुनाव परिणाम 2026: पुडुचेरी में मतगणना शुरू होने से पहले महिला इंजीनियरिंग कॉलेज में बने स्ट्रांग रुम को खोला जा रहा है।

हम आर्यवाद को उखाड़ फेंकने आए हैं- डीएमके

तमिलनाडु के चुनावी रिजल्ट से पहले सत्ताधारी डीएमके की IT विंग ने सोशल मीडिया पोस्ट करते हुए कहा- हम द्रविड़वाद के वारिस हैं, जो आर्यवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने आए हैं।

भवानीपुर में काउंटिंग के पहले बवाल

पश्चिम बंगाल के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के सखावत मेमोरियल स्कूल में काउंटिंग सेंटर के बाहर TMC और BJP के काउंटिंग एजेंटों के बीच बहस हो गई। राज्य की 293 विधानसभा सीटों के लिए वोटों की गिनती आज सुबह 8 बजे शुरू होगी।

संबंधित खबरें

No stories found.
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com