तमिलनाडु में त्रिकोणीय मुकाबला: पोस्टल बैलेट की गिनती में TVK का धमाकेदार प्रदर्शन, DMK को मिली बढ़त
Tamil Nadu Election Results: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों में DMK आगे चल रही है। वहीं पोस्टल वोटों में अभिनेता विजय की पार्टी TVK ने शानदार शुरुआत कर सबको हैरान कर दिया है।
- Written By: अक्षय साहू
विजय (फाइल फोटो, सोर्स- सोशल मीडिया)
Tamil Nadu Assembly Election 2026 Results: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के शुरुआती रुझानों में बेहद दिलचस्प और चौंकाने वाली तस्वीर सामने आ रही है। सोमवार को सुबह 8 बजे से शुरू हुई पोस्टल बैलेट की गिनती में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) गठबंधन को शुरुआती बढ़त मिलती दिख रही है।
हालांकि, इस बार सबसे ज्यादा ध्यान अभिनेता से राजनेता बने थलपति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने खींचा है। टीवीके ने अपने चुनावी सफर की धमाकेदार शुरुआत करते हुए कई सीटों पर मजबूत दावेदारी पेश की है और पारंपरिक राजनीतिक समीकरणों को पूरी तरह से बदल दिया है।
शुरुआती रुझानों में सीटों का ताजा हाल
पोस्टल वोटों के शुरुआती रुझानों के अनुसार, डीएमके 33 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) 10 सीटों पर और टीवीके 8 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। हालांकि ये केवल शुरुआती रुझान हैं और इन्हें अंतिम नतीजों का संकेत नहीं माना जा सकता, लेकिन इसने मतदाताओं के मूड की पहली झलक साफ कर दी है। राज्यभर के 62 केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) की गिनती काफी तेजी से जारी है, जिससे कुछ ही घंटों में तस्वीर और स्पष्ट हो जाएगी।
सम्बंधित ख़बरें
थलपति विजय सरकार का पहला बजट पेश, छात्रों और महिलाओं के लिए बड़ी घोषणाएं
Jana Nayagan Collection Day 12: दूसरे हफ्ते में भी थलपति विजय का तूफान, ‘जन नायकन’ ने फिर मारी बाजी
यह तो बस कॉमेडी है, रिहा होने के बाद बोले उदयनिधि स्टालिन; तृषा कृष्णन विवाद में गिरफ्तार हुए थे DMK नेता
सनातन पर विवाद के बाद अब त्रिशा-विजय टिप्पणी में फंसे उदयनिधि स्टालिन, पुलिस ने उठाया; देखें VIDEO
हाई-प्रोफाइल सीटों पर दिख रहा है कड़ा मुकाबला
इस चुनाव में कई प्रमुख सीटों पर कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। तिरुचिरापल्ली वेस्ट सीट पर टीवीके उम्मीदवार ने डीएमके के कद्दावर और वरिष्ठ नेता केएन नेहरू को पीछे छोड़ते हुए बढ़त बना ली है, जिसे बड़े नेताओं के लिए एक कड़ी चुनौती माना जा रहा है। इसी प्रकार कोयंबटूर साउथ सीट पर डीएमके के.वी. सेंथिल बालाजी आगे चल रहे हैं, लेकिन टीवीके उम्मीदवार उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे हैं। वहीं गोबीचेट्टिपालयम सीट की बात करें तो हाल ही में एआईएडीएमके छोड़कर टीवीके में शामिल हुए दिग्गज नेता केए. सेंगोट्टैयन भी आगे चल रहे हैं, जिससे विजय की पार्टी की बढ़ती जमीन का अंदाजा लगाया जा सकता है।
चुनावी मैदान में महिलाओं की रिकॉर्ड भागीदारी
इस बार के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में महिला उम्मीदवारों की भागीदारी ऐतिहासिक रही है। इस बार रिकॉर्ड 443 महिला उम्मीदवार मैदान में उतरी हैं, जो चुनावी राजनीति में महिलाओं के बढ़ते प्रतिनिधित्व को दर्शाता है। हालांकि, अतीत के आंकड़ों पर नजर डालें तो महिलाओं की भागीदारी बढ़ने के बावजूद उनकी जीत का प्रतिशत कम रहा है। 1991 के चुनाव में 102 महिला उम्मीदवारों में से 32 विधायक चुनी गई थीं, जो अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। इसके बाद 1996 में यह संख्या घटकर सिर्फ 9 रह गई थी। वहीं 2021 के विधानसभा चुनाव में 413 महिला उम्मीदवारों में से केवल 12 ही जीत हासिल कर सकी थीं, जो कुल 234 सदस्यीय विधानसभा का मात्र 5 प्रतिशत है।
इस बार करीब 46 प्रतिशत महिला उम्मीदवार चेन्नई, मदुरै, कोयंबटूर और तिरुचिरापल्ली जैसे शहरी क्षेत्रों से चुनाव लड़ रही हैं, जिसका मुख्य कारण शहरों में बेहतर शिक्षा और चुनावी संसाधनों की उपलब्धता को माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- West Bengal में भारी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू, किसके सिर सजेगा ताज, कौन होगा किंग ऑफ बंगाल?
एग्जिट पोल्स के अनुमान कितने सटीक
चुनाव से पहले आए तमाम प्रमुख एग्जिट पोल्स में डीएमके गठबंधन की सत्ता में वापसी का अनुमान जताया गया था। अधिकांश सर्वेक्षणों में सत्तारूढ़ गठबंधन को 125 से 160 सीटें मिलने की संभावना जताई गई थी। हालांकि, कुछ प्रमुख सर्वे में टीवीके के बड़े स्तर पर उभरने की भी भविष्यवाणी की गई थी, जिसमें उसे 98 से 120 सीटें मिलने की संभावना जताई गई थी। ऐसे में अब सभी की निगाहें ईवीएम के अंतिम नतीजों पर टिकी हुई हैं कि क्या विजय की टीवीके कोई बड़ा उलटफेर करेगी या फिर डीएमके दोबारा सत्ता पर काबिज होगी।
