

कोलकाता: लेदर बैग विवाद को लेकर कथावाचक जया किशोरी ने न्यूज़ एजेंसी ANI को बयान दिया है। अपने बयान में कथावाचक ने लेदर बैग विवाद तथा उनको लेकर चल रही अन्य बातों पर सफाई पेश की है और कहा कि वह बैग कस्टमाइज्ड बैग है और उसमें कहीं भी लेदर नहीं है।
कथावाचक ने आगे कहा कि कस्टमाइज्ड का मतलब होता है, कि आप इसे अपनी मर्जी से बनवा सकते हैं। इसलिए इस पर मेरा नाम भी लिखा है। मैंने कभी लेदर इस्तेमाल नहीं किया और ना ही कभी करूंगी।
कथा में आने वाले लोगो की ओर इशारा करते हुए जया किशोरी ने कहा कि जो लोग मेरी कथा में आए हैं, वे अच्छी तरह जानते हैं कि मैं कभी नहीं कहती कि सब कुछ मोह माया है, पैसा मत कमाओ या सब कुछ त्यागो।
इतना ही नहीं जया किशोरी ने उनपर निशाना साधने वाले लोगो को करारा जवाब देते हुए कहा कि मैंने कुछ त्यागा नहीं है, तो मैं आपको ऐसा करने के लिए कैसे कह सकती हूं? मैं पहले दिन से ही स्पष्ट हूं कि मैं कोई संत, साधु या साध्वी नहीं हूं। मैं एक सामान्य लड़की हूं, मैं एक सामान्य घर में रहती हूं, मैं अपने परिवार के साथ रहती हूं। मैं युवाओं से भी यही कहती हूं कि आप मेहनत करें, पैसा कमाएं, खुद को एक अच्छी जिंदगी दें और अपने सपने पूरे करें।