

नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के अखनूर सेक्टर में सेना ने 27 घंटे तक चले एनकाउंटर के बाद कुल तीन आतंकियों को मार गिराया है। जिसमे से एक आतंकी का शव कल बरामद हो चूका था, तो वहीं दो आतंकियो के शव आज बरामद कर लिए गए है।
सेना और आतंकियों के बीच इस मुठभेड़ की शुरुआत कल सेना की एम्बुलेंस पर हुई फायरिंग से मानी जा रही है। सैन्य एम्बुलेंस पर हमला करने के बाद तीन आतंकी जंगलो को जाकर छिप गए थे, जिसके बाद सेना ने उन्हें खोजने के लिए पुरे इलाके में घेराबंदी कर सर्च अभियान शुरू कर दिया था।
सर्च अभियान के दौरान ही सेना और आतंकियों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। इस गोलीबारी में सेना के डॉग फैंटम को भी गोली लगी, जिससे फैंटम के शहीद होने की बात सामने आई है। फैंटम एक काबिल डॉग था, जो सेना के लिए बहुत मददगार साबित होता था, अखनूर के एनकाउंटर में भी फैंटम की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।
फैंटम कई किलोमीटर तक चलकर सर्च अभियान में सेना का साथ देता था, इतना ही नहीं वह एक समझदार और एक्टिव डॉग था। फैंटम आतंकियों का सुराग जुटाने में सेना के लिए बेहद जरुरी था, उसकी सूंघने की क्षमता और उसके सुनने-समझने का हुनर उसे एक श्रेष्ठ खोजी डॉग बनाता था। इस घटना में फैंटम के शहीद होने से सेना को उसकी कमी जरूर खलेगी।
बता दें कि सोमवार को अखनूर के बट्टल इलाके में आतंकियों ने सेना की एम्बुलेंस पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की थी। जिसके बाद आतंकी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में छिप गए थे, लेकिन वह भारतीय सेना की तेज़ निगाहो से नहीं बच पाए और सेना ने तीनो आतंकियों को एक-एक कर ढूंढा और मार गिराया।