SBI के करोड़ों ग्राहकों के लिए बड़ी चेतावनी! अगले 6 दिनों तक बंद रहेंगे बैंक, जान लें क्या है अल्टरनेटिव

SBI Bank Strike: एसबीआई स्टाफ फेडरेशन की दो दिवसीय हड़ताल और लगातार छुट्टियों के चलते बैंक शाखाएं अगले छह दिनों तक बंद रहेंगी। बैंक ने ग्राहकों को डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने की सलाह दी है।
State Bank of India
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

State Bank of India Advisory: अगर आपका खाता भी देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक में है, तो यह खबर आपके लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है। आने वाले कुछ दिन आपकी बैंकिंग सेवाओं के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण होने वाले हैं।

एसबीआई ने आधिकारिक तौर पर एक एडवायजरी जारी कर अपने करोड़ों ग्राहकों को सचेत किया है कि बैंक की सेवाएं पूरी तरह से प्रभावित हो सकती हैं। एक आम आदमी के लिए, जिसे हर छोटे-बड़े काम के लिए बैंक पर निर्भर रहना पड़ता है, यह स्थिति काफी परेशानी भरी हो सकती है।

SBI के करोड़ों ग्राहकों के लिए अगले छह दिन भारी

देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई में इस समय कामकाज को लेकर एक बड़ा गतिरोध पैदा हो गया है। दरअसल, यह केवल एक या दो दिन की बात नहीं है, बल्कि पूरा हफ्ता ही बैंक बंदी की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। आज यानी 23 मई को शनिवार और 24 मई को रविवार होने की वजह से बैंक पहले से ही बंद रहने वाले थे। इसके ठीक बाद बैंक कर्मचारियों की बड़ी हड़ताल शुरू होने जा रही है। अगर आप सोच रहे हैं कि हड़ताल के बाद बैंक खुल जाएंगे, तो आपको यह जानकर निराशा होगी कि हड़ताल खत्म होते ही बकरीद की छुट्टी पड़ रही है। इस तरह बैंक की शाखाएं लगातार छह दिनों तक बंद रहने वाली हैं। बता दें कि कहीं-कहीं बकरीद पर दो दिनों की छुट्टी का प्रावधान है। ऐसे में आज यानी 23 से लेकर 28 मई तक बैंक बंद रह सकते हैं।

दो दिवसीय हड़ताल से मचेगा हड़कंप

इस पूरी बंदी के पीछे का मुख्य कारण अखिल भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन द्वारा दी गई हड़ताल की चेतावनी है। फेडरेशन ने साफ कर दिया है कि वे 25 और 26 मई 2026 को दो दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे।

हालांकि बैंक प्रबंधन का कहना है कि वे अपनी शाखाओं में जरूरी बैंकिंग सेवाएं जारी रखने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हड़ताल के व्यापक असर को देखते हुए शाखाओं में सामान्य कामकाज होना नामुमकिन सा लग रहा है। बैंक ने अपने एक्स हैंडल के जरिए यह जानकारी दी है ताकि ग्राहक अंतिम समय की आपाधापी से बच सकें।

इन डिजिटल तरीकों से निपटाएं अपना काम

एसबीआई ने अपने ग्राहकों के लिए 'अल्टरनेटिव बैंकिंग चैनल' यानी वैकल्पिक रास्तों का सुझाव दिया है। बैंक ने विनम्रतापूर्वक निवेदन किया है कि ग्राहक नकदी की जरूरत पड़ने पर केवल एटीएम या ऑटोमेटेड डिपॉजिट कम विड्रॉल मशीनों का ही रुख करें। इसके अलावा, जिन लोगों को पैसे ट्रांसफर करने या अन्य भुगतान करने हैं, उनके लिए इंटरनेट बैंकिंग, योनो, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म सबसे सुरक्षित और आसान विकल्प हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे अपनी बैंकिंग जरूरतों के लिए 'कस्टमर सर्विस पॉइंट' का सहारा ले सकते हैं।

अक्सर लंबी छुट्टियों के दौरान एटीएम में कैश खत्म होने की शिकायतें भी सामने आती हैं, इसलिए जरूरत के हिसाब से पहले ही नकदी का इंतजाम कर लेना बेहतर है। बैंक ने इस असुविधा के लिए अपने ग्राहकों से माफी भी मांगी है, लेकिन हड़ताल और छुट्टियों का यह संयोग किसी भी बड़े आर्थिक संकट का कारण बन सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com