

Rajiv Gandhi Birthday Anniversary: भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की आज 81वीं जयंती है। इस जयंती विशेष पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें याद कर भावपूर्ण विनम्र श्रद्धांजलि दी है। साथ ही केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई अन्य नेताओं ने भी उनके इस खास दिन पर उनका स्मरण कर सम्मान में कई भावुक पोस्ट किए हैं।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया है। पीएम ने लिखा कि, “आज पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें मेरी विनम्र श्रद्धांजलि।“
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा, "भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर नमन। वहीं, भाजपा सांसद नवीन जिंदल ने लिखा कि "पूर्व पीएम राजीव गांधी को उनकी जयंती पर शत शत नमन। पूर्व प्रधानमंत्री का तकनीकी रूप से उन्नत और आधुनिक भारत का दृष्टिकोण हमारे राष्ट्र की प्रगति को प्रेरित करता रहता है।
छगन भुजबल महाराष्ट्र सरकार में मंत्री हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री के सम्मान में लिखा कि, भारत की युवा शक्ति को मताधिकार देने, पंचायती राज सुधार, कंप्यूटरीकरण एवं दूरसंचार क्रांति जैसे दूरगामी निर्णयों से देश की प्रगति के नए द्वार खोलने वाले, भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!
राजद नेता तेजस्वी यादव ने भारत रत्न राजीव गांधी को स्मरण करते हुए लिखा, "देश को आधुनिकता और उदारीकरण की ओर ले जाने वाले, सूचना, सम्पर्क व कम्प्यूटर क्रांति के जनक, जिन्होंने देश की पंचायती राज-व्यवस्था को सुदृढ़ किया। देश की नीति के लिए अपने प्राण तक गंवा दिए। ऐसे साहसी पुरुष, देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें नमन! उनकी दूरदर्शिता आज देश के लिए एक मिसाल है।
वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने "दिल्ली में "वीरभूमि" पहुंचकर भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने देश रत्न पुरुस्कृत राजीव गांधी के बारे में लिखा कि, वे दूरदर्शी सोच वाले व्यक्ति थे, जिन्होंने देश में सूचना क्रांति की नींव रखी। साथ ही देश को एक नए युग की ओर अग्रसर किया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने लिखा, कि "पूर्व प्रधानमंत्री 'भारत रत्न' राजीव गांधी की जयंती पर हम सभी उन्हें शत्-शत् नमन करते हैं। उनके प्रगतिशील विचारों ने भारत को नई दिशा दी। भारत में सूचना एवं प्रौद्योगिकी तथा दूरसंचार क्रांति का सूत्रपात करने के साथ ही साथ उन्होंने पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाया और युवाओं को 18 वर्ष में मतदान का अधिकार भी दिया। उनकी विरासत को जीवित रखते हुए हम एक समृद्ध, समावेशी और प्रगतिशील भारत के निर्माण हेतु संकल्पित हैं।"
(एजेंसी इनपुट)