

National Film Awards Ceremony: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से गुजरात के तीन दिन के दौरे पर रहेंगी। वह कल केवड़िया के एकता नगर में 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह की अध्यक्षता करेंगी। राष्ट्रपति कल 2024 के लिए भारतीय सिनेमा में उपलब्धियों को मान्यता देने वाले राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान करेंगी। 1954 में शुरू किए गए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, सिनेमा में बेहतरीन काम के लिए देश के सबसे बड़े सम्मानों में से एक हैं। सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा हर साल दिए जाने वाले ये पुरस्कार फीचर फिल्मों, नॉन-फीचर फिल्मों और सिनेमा पर लेखन के क्षेत्र में रचनात्मक और तकनीकी उपलब्धियों को मान्यता देते हैं।
तीन जूरी के अध्यक्षों द्वारा 72वें संस्करण के विजेताओं की घोषणा 18 जुलाई, 2026 को की गई थी। इन पुरस्कारों को तीन मुख्य श्रेणियों - फीचर फिल्में, नॉन-फीचर फिल्में और सिनेमा पर सर्वश्रेष्ठ लेखन - में बांटा गया है, साथ ही इसमें भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा सम्मान 'दादा साहब फाल्के पुरस्कार' भी शामिल है। फीचर फिल्म श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म, सर्वश्रेष्ठ निर्देशन, अभिनय, सिनेमैटोग्राफी, संगीत निर्देशन और कॉस्ट्यूम डिज़ाइन जैसे पुरस्कार शामिल हैं।
नॉन-फीचर फिल्म श्रेणी में डॉक्यूमेंट्री, शॉर्ट फिल्में, एनिमेशन, कला और संस्कृति पर फिल्में, नैरेशन या वॉयस-ओवर और स्क्रिप्ट शामिल हैं। 'सिनेमा पर सर्वश्रेष्ठ लेखन' श्रेणी में सिनेमा पर सर्वश्रेष्ठ किताब और सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक को सम्मानित किया जाता है। दादा साहब फाल्के पुरस्कार के लिए एक अलग प्रक्रिया अपनाई जाती है, जिसमें जानी-मानी फिल्म हस्तियों की एक विशेष समिति पुरस्कार पाने वाले व्यक्ति की सिफारिश करती है।
दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को वर्ष 2024 का प्रतिष्ठित दादासाहेब फाल्के पुरस्कार दिए जाएंगे। पीएम मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि कई दशकों तक अनंत नाग के सहज अभिनय, शानदार विविधता और प्रतिभा ने भारतीय सिनेमा, विशेष रूप से कन्नड़ सिनेमा पर गहरी छाप छोड़ी है। दादासाहेब फाल्के पुरस्कार चयन समिति की सिफारिश पर अनंत नाग को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना है। यह पुरस्कार 22 सितंबर 2026 को गुजरात के केवड़िया में आयोजित होने वाले 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में प्रदान किया जाएगा।