

SEMICON India Edition: नई दिल्ली के यशोभूमि में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 सितंबर 2026 को सुबह लगभग 10 बजे सेमीकॉन इंडिया 2026 का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री वहां उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। यह कार्यक्रम 17 से 19 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। तीन दिवसीय सम्मेलन और प्रदर्शनी 'सिलिकॉन से सिस्टम तक: इको सिस्टम का निर्माण' थीम पर आधारित होगा।
इस कार्यक्रम में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मूल्य श्रृंखला से जुड़े वैश्विक और भारतीय कंपनियां, नीति निर्माता, निवेशक, शोधकर्ता, स्टार्टअप चलाने वाले, शैक्षणिक संस्थान और छात्र एकत्रित होंगे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य भारत में सहयोग, निवेश, नवाचार और प्रतिभा विकास को बढ़ावा देना है। प्रगति, सहयोग और संयुक्त उद्यमों को सुगम बनाने के लिए डिजाइन किए गए छह देश राउंडटेबल, महिला नेतृत्व पर एक मंच शामिल होंगे।
सेमीकॉन इंडिया 2026 में तकनीक आधारित एक व्यापक रूपरेखा को रखा जाएगा। जिसमें सेमीकंडक्टर सामग्री, उपकरण और चिप डिजाइन से लेकर निर्माण, उन्नत पैकेजिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और सिस्टम तक की यात्रा प्रदर्शित की जाएगी। सेमीकॉन इंडिया में 600 से अधिक कंपनियां भाग लेंगी और लगभग 50,000 विजिटर्स के आने की उम्मीद है। इनमें 52 देशों के प्रतिनिधि, 400 से अधिक अधिकारी और 150 से अधिक वक्ता शामिल होंगे।
प्रदर्शनी में जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, नीदरलैंड, सिंगापुर और स्वीडन का प्रतिनिधित्व करने वाले छह कंट्री पवेलियन, साथ ही 12 स्टेट बूथ, एक स्टार्टअप पवेलियन, इनोवेशन शोकेस, स्टूडेंट हैकाथॉन और वर्कफोर्स डेवलपमेंट पवेलियन होंगे। तीन दिन तक चलने वाले इस सम्मेलन में ग्लोबल सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स इकोसिस्टम के लोग एक साथ आएंगे। इसका मकसद सहयोग को बढ़ावा देना, इनोवेशन को आगे बढ़ाना, मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं को मजबूत करना, निवेश आकर्षित करना और भविष्य के लिए तैयार टैलेंट को विकसित करना है।
सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए भारत भी कई स्तर पर रणनीति तैयार किया है। इसके तहत सभी निर्माण यंत्र को एक करने और इसके लिए बेहतर इकोसिस्टम बनाने की तैयारी चल रही है। सरकार ने इसके लिए 1.28 लाख करोड़ के फंड की व्यवस्था की है। सरकार चिप डिजाइन, उन्नत पैकेजिंग, रिसर्च और डिवेलपमेंट पर फोकस कर रही है।