कॉन्सेप्ट फोटो (सौजन्य- सोशल मीडिया)
नई दिल्ली: देशभर में मानसून पहुंच चुका है। मानसून की बारिश ने कई राज्यों के मौसम को सुहाना कर दिया है। हालांकि कई जगहों पर जलभराव की समस्या पैदा हुई है। भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि बिजली कड़कने और तूफान के बाद उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले 5 दिनों तक बारिश होने वाली है।
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब और छत्तीसगढ़, उन राज्यों में अगले 5 दिन बारिश होगी।
आईएमडी के मुताबिक, तटीय कर्नाटक में शनिवार यानी 6 जुलाई को भारी से बहुत ज्यादा जबरदस्त भारी बारिश होने वाली है। वहीं उत्तराखंड, पंजाब, उत्तर प्रदेश, सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी से बहुत ज्यादा भारी बारिश होने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गुजरात, केरल और माहे में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। गंगायी पश्चिम बंगाल, बिहार, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और गुजरात में तूफान और गरज के साथ बारिश आ सकती है।
जानकारी के मुताबिक हरियाणा, विदर्भ, ओडिशा, छत्तीसगढ़, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, केरल और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही दिल्ली, लद्दाख, रायलसीमा, मराठवाड़ा, तेलंगाना, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु में भी हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग की तरफ से पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, सिक्किम, हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, तटीय महाराष्ट्र और मध्य महाराष्ट्र के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट इश्यू किया गया है। ऑरेंज अलर्ट में खराब मौसम के लिए लोगों को सावधान किया जाता है। इसे लोगों को काफी परेशानी होती है।
हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी गुजरात, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मिजोरम, मणिपुर और केरल के लिए येलो अलर्ट की घोषणा की गई है। आपको बता दें कि येलो अलर्ट का मतलब होता है कि मौसम में बदलाव हो सकता है, जिससे जनजीवन पर असर पड़ेगा। येलो अलर्ट में 64.5 mm से लेकर 115. 5 mm तक बारिश होती है।
मौसम विभाग की तरफ से बारिश की स्थिति को देखते हुए चार तरह के अलर्ट जारी किए जाते हैं- ग्रीन, येलो, ऑरेंज और रेड अलर्ट। इनमें सबसे खराब रेड अलर्ट होता है, क्योंकि इस दौरान इतनी भयंकर बारिश होती है जिससे बाढ़ का खतरा पैदा हो जाता है। मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया है।