केरल में निपाह वायरस से एक और व्यक्ति की मौत, संपर्क में आए 5 लोगों में भी पाए गए लक्षण
केरल में निपाह वायरस संक्रमण से एक और वयक्ति की मौत हो गई। इस संक्रमण के कारण यहां यह दूसरी मौत है। इस व्यक्ति के संपर्क में आए 5 लोगों में भी संक्रमण के लक्षण पाए गए हैं, जिन्हें क्वारंटिन में रखा गया है।
- Written By: रीना पंवार
(फोटो सोर्स सोशल मीडिया)
मलप्पुरम : केरल के मलप्पुरम जिले के एक निजी अस्पताल में 24 वर्षीय व्यक्ति की निपाह वायरस संक्रमण से मौत की खबर सामने आई है। इसके साथ ही यहां निपाह वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या दो हो गई है। इस व्यक्ति के संपर्क में आए 5 लोगों में भी संक्रमण के लक्षण पाए गए हैं, जिन्हें क्वारंटिन में रखा गया है। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने रविवार को इस बारे में जानकारी दी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय चिकित्सा अधिकारी द्वारा मौत के कारणों की जांच करने पर निपाह वायरस के संक्रमण का संदेह हुआ है।
स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘उपलब्ध नमूनों को तुरंत परीक्षण के लिए भेजा गया और परिणाम में संक्रमण की पुष्टि हुई।” मृतक व्यक्ति कुछ दिन पहले बेंगलुरु से केरल आया था। वह केरल राज्य के मलप्पुरम का निवासी था। नौ सितंबर को उसकी मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद उसके उपलब्ध नमूनों को कोझिकोड मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा गया था।
NIV के नतीजों में भी हुई संक्रमण की पुष्टि
नमूनों की जांच के बाद मलप्पुरम के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि कोझिकोड मेडिकल कॉलेज के नतीजों में संक्रमण पाया गया। इसके बाद बीती शनिवार रात को ही स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने एक उच्च स्तरीय बैठक की और प्रोटोकॉल के अनुसार आवश्यक कदम उठाए। इस बीच, रविवार को पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी) के नतीजों में भी संक्रमण की पुष्टि हुई।
सम्बंधित ख़बरें
पुणे में डेंगू जांच पर मनपा की सख्ती: NS1 और MAC ELISA टेस्ट की फीस 600 तय, रैपिड टेस्ट किट पर रोक
MIDH Scheme: किसानों के लिए वरदान! जानिए क्या है यह योजना और इसके फायदे?
महाराष्ट्र: वसई में बेटे की बीमारी का फायदा उठाकर महिला से हैवानियत, तांत्रिक के नाम पर झांसा देकर यौन शोषण
EXCLUSIVE: मनगवां विधायक के पत्र पर बवाल! ईदगाह और मीनार को बताया अवैध निर्माण, जानें क्यों भड़की कांग्रेस
संपर्क में आए लोगों को क्वारंटिन में रखा
स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि शनिवार रात को ही 16 समितियां बनाई गईं और संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए 151 लोगों की सूची भी बनाई गई है। उन्होंने कहा कि उक्त संक्रमित व्यक्ति अपने दोस्तों के साथ विभिन्न स्थानों की यात्रा कर चुका था। अब उसके करीबी संपर्क में आए लोगों को क्वारंटिन में रखा गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, ‘‘ क्वारंटिन में रखे गए पांच लोगों में हल्का बुखार और अन्य लक्षण पाए गए हैं। उनके नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।” गौरतलब है कि निपाह संक्रमण का इलाज करा रहे मलप्पुरम के एक लड़के की 21 जुलाई को मौत हो गई थी। यह इस साल राज्य में निपाह संक्रमण का पहला पुष्ट मामला था।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
