अब रिजर्वेशन काउंटर पर भी OTP से मिलेगा तत्काल टिकट, जानें आरक्षण सिस्टम में क्या हुए बदलाव

Indian Railways News: रेलवे ने तत्काल आरक्षण प्रणाली में बड़े बदलाव की शुरुआत कर दी है। यात्री अब आरक्षण काउंटर से भी तत्काल टिकट ले सकेंगे।
Now Tatkal tickets will be available at the reservation counter through OTP
ट्रेन तत्काल टिकट बुकिंग व्यवस्था में बदलाव। इमेज-सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Indian Railways: भारतीय रेलवे ने तत्काल आरक्षण प्रणाली में बड़े बदलाव के तहत अब आरक्षण काउंटर से तत्काल टिकट बनवाने के लिए यात्री के मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजे जाने की सुविधा शुरू कर दी है। यह ओटीपी बताने के बाद ही तत्काल टिकट जारी किया जाएगा। इसकी प्रायोगिक शुरुआत रानी कमलापति से दिल्ली जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस से हो चुकी है। यह ट्रेन देश की पहली ऐसी ट्रेन बन है, जिसमें ओटीपी आधारित आरक्षण शुरू किया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक इस नई व्यवस्था से ऐसे एजेंटों की भीड़ कम होगी, जो काउंटर खुलते कई टिकटों की बुकिंग करने लगते थे। ये टिकट वे लोग काफी कमीशन पर मजबूर यात्रियों को बेचते हैं। नई व्यवस्था का बड़ा फायदा यह है कि एक मोबाइल नंबर से एक समय में सिर्फ एक ही तत्काल टिकट बुक हो पाएगा। इससे यात्री की असली पहचान सुनिश्चित हो पाएगी। इससे टिकटिंग प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी और तत्काल बुकिंग में होने वाला फर्जीवाड़ा रुक जाएगा।

प्रयोग सफल होने पर दूसरी ट्रेनों में भी लागू होगी प्रणाली

फिलहाल शताब्दी एक्सप्रेस की 1500 सीटों में से 30 फीसदी यानी 450 सीटें ओटीपी आधारित तत्काल कोटे में शामिल हैं। रानी कमलापति और भोपाल स्टेशन से हर दिन 550 से 600 तत्काल टिकट बनाए जाते हैं। इन स्टेशनों से 130 ट्रेनें संचालित होती हैं और 10 से 30 फीसदी यात्री तत्काल टिकट पर यात्रा करते हैं। बताया जा रहा कि यह प्रयोग सफल रहा तो देश भर की दूसरी ट्रेनों के आरक्षण में भी ओटीपी प्रणाली लागू कर दी जाएगी।

एजेंटों का वर्चस्व बड़ी चुनौती

तत्काल टिकट आरक्षण में एजेंटों का वर्चस्व तोड़ना भारतीय रेल अधिकारियों के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती रही है। आए दिन तत्काल टिकट काउंटर खुलने से पहले एजेंटों की लंबी लाइन लग जाती थी। इसकी वजह से आम यात्रियों को टिकट मिलने में दिक्कत होती थी। इतना ही नहीं कई बार उन्हें एजेंटों के जरिए महंगे दाम पर टिकट लेना पड़ता था। अब यात्रियों को प्राथमिकता देने के लिए ऑनलाइन भी एजेंट सुबह 10:00 से लेकर 10:30 बजे तक एसी क्लास और 11:00 बजे से लेकर 11:30 बजे तक नॉन-एसी क्लास के टिकट बुक नहीं कर सकेंगे।

कॉल टिकटिंग में बढ़ जाएगी पारदर्शिता

इस संबंध में भोपाल रेल मंडल के पीआरओ नवल अग्रवाल का कहना है कि ओटीपी आधारित आरक्षण व्यवस्था लागू होने से कॉल टिकटिंग में पारदर्शिता बढ़ जाएगी। रेल टिकटों की अवैध खरीद और फरोख्त पर रोक लगेगी। इसके साथ-साथ सामान्य यात्रियों के लिए तत्काल टिकट प्राप्त करना अधिक आसान हो जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com