

India Slams Pakistan Over The Hindu Temple Demolition: भारत ने बुधवार को पाकिस्तान के नारोवाल इलाके में सौ साल पुराने एक हिंदू मंदिर को कथित तौर पर ढहाए जाने के मामले में पाकिस्तानी सरकार को कड़ी फटकार लगाई। भारतीय विदेश मंत्रालय ने हिंदू मंदिर को ढहाए जाने की कड़ी निंदा करते हुए पाकिस्तान की सरकार से मांग की कि वो तुरंत इसकी जांच करें और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई करे।
जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान के लाहौर से करीब 130 किलोमीटर दूर नारोवाल के सिराज गांव में स्थित मंदिर को कथित तौर पर 21 अगस्त को ध्वस्त कर दिया गया था। आरोप है कि कुछ कट्टरपंथियों ने मंदिर की जमीन पर मदरसा बनाने के लिए सौ साल पुराने पूजा स्थल को ध्वस्त कर दिया। हालांकि, पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक मंदिर सौ साल से भी पुराना था और बारिश के बाद ढह गया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि, हमने पाकिस्तान के नारोवाल के सिराज गांव में एक ऐतिहासिक हिंदू मंदिर को नुकसान पहुंचाने की चिंताजनक करने वाली खबरों पर गहरी चिंता जताई है। हम इस सौ साल पुराने अल्पसंख्यक मंदिर के खिलाफ इस घिनौनी हरकत की पूरी तरह से निंदा करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि, अधिकारियों की लापरवाही और इस सौ साल पुराने मंदिर की सुरक्षा में उनकी नाकामी चिंता की बात है। ऐसी घटनाएं अल्पसंख्यक समुदाय की कमजोरी और पाकिस्तान में उनकी धार्मिक आजादी और पूजा स्थलों में की गई तोड़-फोड़ की इस निंदनीय हरकत उल्लंघन की साफ याद दिलाती हैं। उन्होंने कहा कि हम पाकिस्तान सरकार से इस घटना की तुरंत और पारदर्शी जांच करने और यह सुनिश्चित करने की मांग करते हैं कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए।
21 अगस्त को कुछ धार्मिक कट्टरपंथियों ने मंदिर को गिरा दिया था। आरोप है कि मंदिर की जमीन को पास के मदरसे में शामिल करने की कोशिश की गई। हालांकि, सरकारी अधिकारियों का कहना है कि भारी बारिश के कारण जर्जर मंदिर ढह गया।
अल्पसंख्यक संगठनों और पाकिस्तान मसीहा मिल्लत पार्टी (PMMP) के चेयरमैन असलम परवेज सहोत्रा ने मामले में पंजाब सरकार से कार्रवाई और मंदिर के पुनर्निर्माण की मांग की है। उन्होंने बताया कि 28 अगस्त को पंजाब के अतिरिक्त गृह सचिव को लिखित शिकायत दी गई है।