टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू (फाइल फोटो)
अमरावतीः तेलुगू देशम पार्टी के प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू 12 जून को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। पार्टी सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी है। इससे पहले बताया जा रहा था कि यह कार्यक्रम 9 जून को होना था। हालांकि नरेंद्र मोदी के शपथग्रहण के वजह से तारिखों में बदलाव किया है। नायडू गन्नावरम हवाई अड्डे के पास केसरपल्ली आईटी पार्क में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। एनडीए ने आंध्र प्रदेश में 21 लोकसभा क्षेत्रों के अलावा 164 विधानसभा सीट पर भी जीत हासिल की है। जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली वाईएसआरसीपी केवल 11 विधानसभा सीट और चार संसदीय सीट ही हासिल कर सकी।
सूत्रों ने बताया कि 12 जून (बुधवार) को सुबह 11:27 बजे चंद्रबाबू नायडू गन्नावरम हवाईअड्डे के पास केसरपल्ली आईटी पार्क में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।” नायडू पहली बार लगभग 30 साल पहले 1995 में मुख्यमंत्री बने थे और 2004 तक इस पद पर रहे। साल 2004 में वह चुनाव हार ये थे और उनकी जगह वाई एस राजशेखर रेड्डी मुख्यमंत्री बने।
एक दशक के बाद और संयुक्त राज्य को तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में विभाजित करने के बाद, नायडू 2014 में नवगठित राज्य के पहले मुख्यमंत्री बने। हालांकि, वह 2019 में वह चुनाव हार गये और उनके स्थान पर वाईएसआरसीपी प्रमुख वाई एस जगन मोहन रेड्डी मुख्यमंत्री बने। वह पांच साल के अंतराल के बाद फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे के तहत तेलुगूदेशम पार्टी (तेदेपा) ने 144 विधानसभा और 17 लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ा, जबकि भाजपा ने आंध्र प्रदेश में छह लोकसभा और 10 विधानसभा सीट पर उम्मीदवार खड़े किए। जनसेना ने दो लोकसभा और 21 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ा। तेदेपा ने विधानसभा चुनाव में 135 सीट जीतीं। इसके सहयोगी दल भाजपा और जनसेना को क्रमशः 8 और 21 सीट मिलीं। लोकसभा चुनाव में तेदेपा ने 16 सीट, भाजपा ने तीन और जनसेना ने दो सीट जीतीं।