

Kiren Rijiju News: राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की राज्यसभा सदस्य के रूप में वापसी हो गई। सोमवार को संसद भवन में खरगे ने 7 अन्य सांसदों के साथ शपथ ली। एक बार फिर से वे कर्नाटक से निर्वाचित होकर राज्यसभा पहुंचे हैं। शपथ ग्रहण के दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे के शपथ ग्रहण के दौरान कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा तथा कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। चर्चा के दौरान मंत्री किरेन रिजिजू ने अपना राजनीतिक सफर याद करते हुए बताया कि अब तक वो भी पांच बार के सांसद हो चुके होते।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चर्चा के दौरान ही केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने पूछा कि खरगे को संसद में कितना समय हो गया। रिजिजू के सवाल का जवाब देते हुए अर्जुन मेघवाल ने बताया कि यह उनका चौथा कार्यकाल है। आगे मेघवाल ने कहा कि इससे पहले कांग्रेस नेता दो बार लोकसभा में सांसद के तौर पर रहे और अब राज्यसभा में वे दूसरी बार बतौर सांसद आ रहे हैं। इसके बाद भाजपा नेता नड्डा ने बताया कि खरगे संसद में आने से पहले कर्नाटक विधानसभा में 9 कार्यकाल तक रहे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मेघवाल और नड्डा के जवाब के बाद मंत्री रिजिजू ने बड़ा ही दिलचस्प जवाब दिया। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए बताया कि साल 2009 का चुनाव अगर कांग्रेस उन्हें नहीं हराती तो लोकसभा में यह उनका 5वां कार्यकाल होता।
बता दें, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने साल 2004 में लोकसभा सांसद के रूप अपनी पारी की शुरुआत की थी। इसके बाद साल 2009 को लोकसभा चुनाव के दौरान वे अरुणाचल पश्चिम सीट से चुनाव लड़े, लेकिन कांग्रेस के प्रत्याशी से उन्हें 1314 मतों से हार का सामना करना पड़ा था।
गौरतलब है कि इस से पहले बीते सप्ताह 25 जून को राज्यसभा सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने नवनिर्वाचित और पुनर्निर्वाचित 10 सदस्यों को राज्यसभा सदन में शपथ एवं प्रतिज्ञान दिलाया था। विभिन्न राज्यों के सांसद कई सांसदों ने अपनी मातृभाषा में यह शपथ ली थी। जिन सांसदों ने 25 जून को राज्यसभा के सदस्य के तौर पर शपथ ली है उनमें प्रवीण चक्रवर्ती, देबाशीष सामंतराय, सना सतीश बाबू, विजय चिंतकायाला, भाष्यम राम कृष्ण, लिंगामनेनी रमेश, राजेश परमानंद शुक्ला, बैद्यनाथ राम, परिमल नथवानी और ताई टागाक शामिल रहे।