महाशिवरात्रि 2026: राष्ट्रपति, PM मोदी, अमिश शाह समेत इन दिग्गजों ने दीं शुभकामनाएं, देशभर में भक्ति का सैलाब
Mahashivratri 2026: देशभर में महाशिवरात्रि श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जा रही है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और पीएम मोदी सहित कई दिग्गजों ने देशवासियों को शुभकामनाएं देकर सुख-समृद्धि की कामना की।
- Written By: प्रतीक पाण्डेय
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, फोटो- सोशल मीडिया
Mahashivratri 2026 Wishes: भगवान शिव की आराधना का पावन पर्व महाशिवरात्रि आज पूरे भारत में अटूट श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर देश के शीर्ष नेतृत्व ने जनता को बधाई दी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और पीएम मोदी ने महादेव से राष्ट्र की प्रगति और नागरिकों के कल्याण के लिए प्रार्थना की है।
देशभर में शिव भक्ति की लहर और शीर्ष नेतृत्व की बधाई भारत के कोने-कोने में आज देवाधिदेव महादेव की उपासना का महापर्व महाशिवरात्रि अत्यंत भक्तिभाव और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से समस्त देशवासियों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। नेताओं ने महादेव से न केवल व्यक्तिगत सुख-शांति की, बल्कि भारत के गौरव और वैश्विक समृद्धि की भी कामना की है।
राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने किया ट्वीट
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी शुभकामनाएं शेयर करते हुए लिखा कि महादेव की कृपा सभी देशवासियों पर बनी रहे। उन्होंने प्रार्थना की कि भगवान शिव के आशीर्वाद से हमारा देश प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।
सम्बंधित ख़बरें
100 बिलियन डॉलर निवेश और 10 लाख नौकरियां! नॉर्वे और भारत के बीच हुई बड़ी डील, आतंकवाद पर भी गरजे PM मोदी
43 साल का इंतजार खत्म! ओस्लो पहुंचे PM मोदी, वैश्विक मंदी और युद्ध के बीच नॉर्वे से होने जा रही है ‘महाडील’
नीट पेपर लीक मामले सभी आरोपी भाजपाई, संजय राउत ने साधा पीएम मोदी पर निशाना
स्वीडन ने PM मोदी को सर्वोच्च सम्मान से नवाजा, प्रधानमंत्री के खाते में दर्ज हुआ 31वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मैं सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। मेरी प्रार्थना है कि महादेव की कृपा हम सभी पर सदा बनी रहे और हमारा देश प्रगति के पथ पर सदैव अग्रसर रहे। — President of India (@rashtrapatibhvn) February 15, 2026
वहीं, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने महाशिवरात्रि को भारत की शाश्वत और अखंड आध्यात्मिक परंपरा का जीवंत प्रतीक बताया। उन्होंने अपने संदेश में काशी से लेकर रामेश्वरम तक की सांस्कृतिक एकता का जिक्र करते हुए कहा कि महादेव और माता पार्वती की कृपा से सभी को उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि प्राप्त हो।
पीएम मोदी की कामना: ‘समृद्धि के शिखर पर पहुंचे भारत’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट के जरिए देशवासियों को महाशिवरात्रि की ढेरों शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महादेव से प्रार्थना की कि उनका आशीर्वाद सदैव सभी पर बना रहे। प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से राष्ट्र के कल्याण की बात करते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद से सबका भला हो और हमारा भारतवर्ष समृद्धि के शिखर पर विराजमान हो। पीएम के इस संदेश में राष्ट्र निर्माण और जन-कल्याण का संकल्प स्पष्ट रूप से झलकता है।
देशभर के मेरे परिवारजनों को महाशिवरात्रि की ढेरों शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि आदिदेव महादेव सदैव सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। उनके आशीर्वाद से सबका कल्याण हो और हमारा भारतवर्ष समृद्धि के शिखर पर विराजमान हो। हर हर महादेव! — Narendra Modi (@narendramodi) February 15, 2026
अमित शाह, राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ ने की विश्व शांति की प्रार्थना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘हर हर महादेव’ के जयघोष के साथ देशवासियों को बधाई दी और सभी के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने महादेव से प्रार्थना की कि उनकी कृपा से विश्व में शांति और सद्भाव की भावना और अधिक मजबूत हो। उन्होंने कहा कि भगवान शिव का आशीर्वाद भारत को एकता और सुरक्षा के पथ पर आगे ले जाए।
हर हर महादेव!
समस्त देशवासियों को महाशिवरात्रि के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ।
देवाधिदेव महादेव सभी के जीवन में सुख-समृद्धि प्रदान करें। pic.twitter.com/Pa2LuG8xp2 — Amit Shah (@AmitShah) February 15, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सभी श्रद्धालुओं को बधाई देते हुए प्रार्थना की कि हर हृदय में शांति और हर पथ में मंगल का संचार हो। इसके अतिरिक्त, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
वन्दे वन्दनतुष्टमानसमतिप्रेमप्रियं प्रेमदं
पूर्णं पूर्णकरं प्रपूर्णनिखिलैश्वर्यैकवासं शिवम्।
सत्यं सत्यमयं त्रिसत्यविभवं सत्यप्रियं सत्यदं
विष्णुब्रह्मनुतं स्वकीयकृपयोपात्ताकृतिं शंकरम्॥ संयम, साधना और शिवत्व की कल्याणकारी चेतना से आलोकित महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आज… pic.twitter.com/EXsAxSvamn — Yogi Adityanath (@myogiadityanath) February 15, 2026
कॉर्पोरेट जगत से भी आई शुभकामनाएं
आध्यात्मिक उत्सव के इस रंग में कॉर्पोरेट जगत के दिग्गज भी शामिल हुए। अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने ‘एक्स’ पर महामृत्युंजय मंत्र साझा करते हुए समस्त देशवासियों को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और ‘ॐ नमः शिवाय’ के साथ अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
यह भी पढ़ें: टीपू सुल्तान विवाद में कूदे ओवैसी, पढ़ने लगे कसीदे; बोले- ‘जिसकी अंगूठी पर राम लिखा था, वह नफरत का पात्र नहीं’
आज के दिन देशभर के शिवालयों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है। लोग पवित्र नदियों में स्नान के बाद मंदिरों में जलाभिषेक कर रहे हैं। राजनेताओं और गणमान्य व्यक्तियों के इन संदेशों ने इस उत्सव की गरिमा को और बढ़ा दिया है, जो भारत की गहरी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जड़ों को दर्शाता है।
