CM विजयन (Image- Social Media)
kerala Assembly Elections: केरल विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। विजयन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी की “बी-टीम” की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी अपने अनुभवों से भी कोई सीख नहीं लेते।
दरअसल, हाल ही में राहुल गांधी ने दावा किया था कि केंद्र सरकार की एजेंसियों ने लगभग सभी विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की है, यहां तक कि उन्हें गिरफ्तार भी किया गया, लेकिन केरल के मुख्यमंत्री पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस बयान के जवाब में पिनाराई विजयन ने पलटवार करते हुए राहुल गांधी की कड़ी आलोचना की।
विजयन ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस वास्तव में बीजेपी की बी-टीम हैं। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि कुछ लोग अपने अनुभवों से भी नहीं सीखते और ऐसे लोग सामान्य नहीं होते। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग चीजों को ठीक से समझ नहीं पाते, राहुल गांधी उसी श्रेणी में आते हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राहुल गांधी ने पहले दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए थे, लेकिन अदालत ने उन्हें क्लीन चिट दे दी। इस फैसले से कांग्रेस को झटका लगा था, फिर भी राहुल गांधी वही गलती दोहरा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- तमिलनाडु में NDA की ‘महा-घेराबंदी’, 170 सीटों पर AIADMK तो 30 पर ‘कमल’ खिलाने की तैयारी! समझिए पूरी गुणा-गणित
विजयन ने आगे दावा किया कि राज्य में पहले भी कई बार कांग्रेस और बीजेपी के बीच तालमेल देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि दोनों दल एक ही तरीके से एलडीएफ का विरोध करते हैं और उनके बीच किसी तरह की समझ होने का आभास होता है। हालांकि, आगामी चुनावों में क्या परिणाम आएंगे, यह अभी स्पष्ट नहीं है।