

Krishna Janmashtami Wishes: देशभर में धूमधाम से जन्माष्टमी मनाई जा रही है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने देशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर सभी को बधाई दी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को बधाई देते हुए अपने एक्स प्लेटफॉर्म पर लिखा, जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर, मैं देश और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। भगवान श्री कृष्ण का जीवन और उनके संदेश भारतीय संस्कृति और दर्शन में नई ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने सत्य, धर्म, न्याय, करुणा और निस्वार्थ कर्म का मार्ग दिखाया। आइए, इस शुभ अवसर पर हम भगवान श्री कृष्ण के आदर्शों को अपनाने और एक समावेशी तथा विकसित भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर काम करने का संकल्प लें।"
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर सभी को बधाई दी। पीएम मोदी ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "आप सभी को जन्माष्टमी की अनेकानेक शुभकामनाएं। भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य संदेशों में नि:स्वार्थ कर्म की अद्भुत प्रेरणा निहित है, जिसने मानवता का निरंतर मार्गदर्शन किया है। उनकी भक्ति और उपासना को समर्पित यह पावन अवसर हर किसी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और शक्ति का संचार करे, यही कामना है। जय श्रीकृष्ण।"
इसके साथ ही पीएम मोदी ने एक अन्य पोस्ट में सुभाषितम् भी शेयर किया। उन्होंने सुभाषितम् में संस्कृत श्लोक 'वसुदेवसुतं देवं कंसचाणूरमर्दनम्। देवकीपरमानन्दं कृष्णं वन्दे जगद्गुरुम्॥' पोस्ट किया।
इस श्लोक का हिंदी अर्थ है- 'वसुदेव-पुत्र, देव-स्वरूप, कंस और चाणूर का संहार करने वाले, माता देवकी को परम आनन्द प्रदान करने वाले जगद्गुरु भगवान श्रीकृष्ण की मैं वन्दना करता हूं।'
बता दें कि यह प्रसिद्ध श्लोक आदि शंकराचार्य द्वारा रचित 'कृष्णाष्टकम' स्तोत्र से लिया गया है। इस श्लोक को इस स्तोत्र का प्रथम श्लोक या मंगलाचरण माना जाता है। 'कृष्णाष्टकम' अद्वैत वेदांत के महान प्रणेता जगद्गुरु आदि शंकराचार्य द्वारा रचित भगवान श्री कृष्ण की स्तुति में आठ श्लोकों का एक अत्यंत पवित्र और दिव्य स्तोत्र है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बधाई देते हुए लिखा, 'श्री कृष्ण जन्माष्टमी' के पावन पर्व पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। धर्म, नैतिकता और जन-कल्याण के प्रतीक भगवान श्री कृष्ण का आशीर्वाद सभी पर सदैव बना रहे। जय श्री कृष्ण।"
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने जन्माष्टमी की बधाई देते हुए लिखा, "मैं जगत के गुरु भगवान कृष्ण को नमन करता हूं। भक्ति, प्रेम और धर्म की शाश्वत ज्योति, भगवान वासुदेव श्री कृष्ण जी के पावन प्राकट्य दिवस 'श्री कृष्ण जन्माष्टमी' के अवसर पर राज्य के सभी निवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। भक्त-वत्सल भगवान श्री कृष्ण की असीम कृपा सभी के जीवन में प्रेम, करुणा, धर्म और निस्वार्थ कर्म के आदर्शों को स्थापित करे; और संपूर्ण चराचर जगत में सुख, शांति, समृद्धि और सबका कल्याण हो, यही प्रार्थना है। जय श्री कृष्ण!"
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने अपने सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं देते हुए लिखा, "श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मैं सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। भगवान श्री कृष्ण की मानवीय लीलाएं हमें न्याय, नैतिकता, संतुलन, साहस और बुद्धिमत्ता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। मेरी प्रार्थना है कि श्री द्वारकाधीश जी की कृपा और आशीर्वाद सभी के जीवन में अपार खुशियां, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का संचार करें।"
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाती है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को आधी रात के वक्त भगवान विष्णु ने श्रीकृष्ण के रूप में देवकी और वसुदेव के यहां जन्म लिया था। इसी खुशी में हर साल पूरे देश में जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है।