अरविंद केजरीवाल का भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार होना विडंबना: अन्ना हजारे
- Written By: शुभम सोनडवले
PTI Photo
मुंबई. सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे (Anna Hazare) ने भ्रष्टाचार के एक मामले में जन लोकपाल आंदोलन का हिस्सा रहे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) की गिरफ्तारी को शनिवार को “विडंबनापूर्ण” बताया और साथ ही उन्होंने मामले की गहन जांच और दोषियों को सजा देने की मांग की। हजारे ने एक बयान में केजरीवाल पर करोड़ों देशवासियों का विश्वास तोड़ने का आरोप लगाया और अफसोस जताया कि राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं ने 2011 के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन को नष्ट कर दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार की शराब नीति से संबंधित भ्रष्टाचार के मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से मैं बहुत दुखी हूं। यह विडंबनापूर्ण है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जन लोकपाल आंदोलन के मेरे सहयोगी को भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया गया।”
पिछले दशक की शुरुआत में जन लोकपाल की मांग को लेकर जन आंदोलन किया गया था। हजारे, केजरीवाल और मनीष सिसोदिया आंदोलन के प्रमुख चेहरे बनकर उभरे थे। बाद में केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी (आप) बनाई और सिसोदिया के साथ चुनाव जीते। आंदोलन के राजनीतिक रूप लेने के बाद हजारे ने हालांकि खुद को इससे अलग कर लिया था। हजारे ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जन लोकपाल आंदोलन का राजनीतिक विकल्प असफल हो गया है और राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के कारण भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन नष्ट हो गया।
सम्बंधित ख़बरें
पंजाब के हिंदू व्यापारियों पर ED की रेड से भड़के केजरीवाल, बोले- चिट्टा पार्टी से गठबन्धन को बेचैन है BJP
जो बोया, वही काट रहीं दीदी… TMC की टूट पर कांग्रेस ने ली चुटकी, बोले- नीतीश को रोकने की भुगत रहीं सजा
‘AAP कार्यकर्ताओं को आ रहे IB के फोन’, अरविंद केजरीवाल का बड़ा दावा; बोले- हमारे लोगों को बनाया जा रहा निशाना
मेरे लिए बेहद लकी है गोवा…अरविंद केजरीवाल ने बताया कैसे गोवा पहुंचते ही पलट गई शराब घोटाले की बाजी! VIDEO
सामाजिक कार्यकर्ता ने केजरीवाल पर करोड़ों देशवासियों का विश्वास तोड़ने का आरोप लगाते हुए अगस्त 2022 में उनके द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री को आबकारी नीति को लेकर लिखे गए पत्र का हवाला दिया। महाराष्ट्र के अहमद नगर जिले में रहने वाले हजारे ने यह भी बताया कि उन्होंने पत्र में केजरीवाल को ‘आप’ नेता द्वारा अपनी पुस्तक ‘स्वराज’ में आबकारी नीति के संबंध में लिखी गई बातों के बारे में याद दिलाया।
हजारे ने कहा, ‘‘मैं इस मुद्दे से हतप्रभ हूं। इस मामले की गहन जांच होनी चाहिए और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।” प्रवर्तन निदेशालय ने ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक को आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में बृहस्पतिवार की रात गिरफ्तार किया था। (एजेंसी)
