अमेरिका-ईरान युद्धविराम पर भारत ने जताई खुशी (सोर्स- सोशल मीडिया)
India Reaction US-Iran Ceasefire: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान ने एक दो हफ्ते के लिए युद्धविराम पर सहमति जताई है। इससे पहले पिछले एक महीने से अधिक समय से क्षेत्र में संघर्ष जारी था, जिसने मिडिल ईस्ट में तनाव को चरम पर पहुंचा दिया था। इस युद्धविराम का पाकिस्तान समेत कई देशों ने स्वागत किया है।
भारत ने भी इस फैसले का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि यह क्षेत्र में स्थायी शांति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, “हम हुए युद्धविराम का स्वागत करते हैं और आशा करते हैं कि इससे पश्चिम एशिया में स्थायी शांति स्थापित होगी। भारत लगातार इस बात पर जोर देता रहा है कि किसी भी संघर्ष का समाधान केवल तनाव कम करने, संवाद और कूटनीति के माध्यम से ही संभव है।”
Statement on the recent development in West Asia ⬇️ 🔗 https://t.co/WwFCi4kXHg pic.twitter.com/wmsF4YUb7j — Randhir Jaiswal (@MEAIndia) April 8, 2026
मंत्रालय ने यह भी कहा कि लंबे समय से जारी संघर्ष ने आम लोगों को गंभीर पीड़ा पहुंचाई है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति तथा व्यापार नेटवर्क को प्रभावित किया है। साथ ही होरमुज़ जलडमरूमध्य का उल्लेख करते हुए कहा गया कि हम आशा करते हैं कि वहाँ निर्बाध नौवहन और वैश्विक व्यापार का प्रवाह जारी रहेगा।
दरअसल, ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच यह संघर्ष पिछले एक महीने से अधिक समय से चल रहा था। यह जंग तब शुरू हुई जब 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर संयुक्त सैन्य हमला किया, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई समेत कई उच्च अधिकारी मारे गए। इसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई की और खाड़ी देशों में अमेरिका के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इस जंग का असर पूरी दुनिया पर महसूस किया गया।
यह भी पढ़ें- ईरान में हुआ सीजफायर तो चमक उठी यूक्रेन की आंखें, रूस को लेकर ट्रंप से की बड़ी मांग, कहा- अब पुतिन की बारी…
लगभग 40 दिन के संघर्ष के बाद, ईरान और अमेरिका ने सीजफायर पर सहमति बनाई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ दो हफ़्तों के लिए युद्धविराम को मंजूरी दी। यह सहमति उनके निर्धारित रात 8 बजे के व्यापक हमले के समय सीमा से दो घंटे पहले तय की गई। अब 10 अप्रैल को दोनों देशों के बीच पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बैठक होगी।