मार्च में ही आग बरसा रही गर्मी, दिल्ली-मुंबई में हीटवेव का अलर्ट, इन राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश
IMD Alert: मार्च में ही भीषण गर्मी का रूप देखने को मिल रहा है। दिल्ली अभी से तपने लगा है, मुंबई में तो अभी में पारा 40 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है।
- Written By: अर्पित शुक्ला
गर्मी का प्रकोप शुरू (सोर्स- सोशल मीडिया)
Mumbai Heat Wave: देश में इस समय ऐसा मौसम देखने को मिल रहा है कि सटीक अनुमान लगाना मुश्किल हो गया है। मार्च के पहले हफ्ते में कहीं धरती तप रही है तो कहीं बारिश की चेतावनी दी जा रही है। एक ओर जहां मुंबई और दिल्ली के लोग रिकॉर्ड तोड़ गर्मी का सामना कर रहे हैं, वहीं पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। ऐसा लग रहा है मानो सूरज देवता ने इस महीने अपनी पूरी ताकत दिखाने का मन बना लिया हो।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। मायानगरी मुंबई में मंगलवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उपनगरीय इलाकों में यह 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह सामान्य से करीब 6.4 डिग्री अधिक है। सोमवार को कई जगहों पर 42.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।
गर्मी ने 50 साल का रिकॉर्ड तोड़ा
दिल्ली में भी गर्मी ने 50 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सफदरजंग वेधशाला ने 7 मार्च को 35.7°C तापमान दर्ज किया, जो पिछले 50 वर्षों में मार्च के पहले सप्ताह का सबसे गर्म दिन रहा। इससे पहले 1999 में 34.8°C तापमान रिकॉर्ड किया गया था। राजधानी में लगातार तीन दिनों से तापमान 35°C के पार जा रहा है। फरवरी में बारिश न होने और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण ‘हीट ट्रैप’ जैसी स्थिति बन गई है। जो गर्मी आमतौर पर मार्च के अंत में महसूस होती है, वह इस बार महीने की शुरुआत में ही दिखने लगी है।
सम्बंधित ख़बरें
बारिश में डूबा नागपुर का ‘रामजी श्यामजी पोहावाला’! दुकान का बुरा हाल, देखें Ground Report
Burj Khalifa UPI Booking: बुर्ज खलीफा की ऑनलाइन टिकट बुकिंग अब UPI से, UAE में भारतीयों के लिए बड़ी सुविधा
संसद में अभिषेक बनर्जी दे रहे थे भाषण, पीछे बैठकर जोर-जोर से हंसने लगीं महुआ मोइत्रा! VIDEO हुआ वायरल
Ex Agniveer Agnipath Recruitment: CAPF में पूर्व अग्निवीरों के लिए 50% पद आरक्षित, आयु सीमा में भी छूट का ऐलान
इन राज्यों में होगी बारिश
मैदानी इलाकों में जहां गर्मी बढ़ रही है, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम का अलग ही रूप देखने को मिल रहा है। जम्मू और कश्मीर में 10 से 12 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। 11 मार्च को कुछ जगहों पर भारी बर्फबारी की चेतावनी भी दी गई है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 11-12 मार्च को ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। वहीं राजस्थान, गुजरात और विदर्भ क्षेत्र में 11 मार्च को लू चलने के आसार हैं।
पूर्वी भारत में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में 11 मार्च को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा सिक्किम और उप-हिमालयी बंगाल में 13 मार्च तक हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। पूर्वोत्तर भारत में भी अगले 4–5 दिनों तक हल्की बारिश जारी रहने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- हवाई सफर पर ईरान-इजराइल तनाव की मार, भारतीय एयरलाइंस ने 15% बढ़ाया किराया; जानें किन रूट्स पर सबसे ज्यादा असर
प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें, अधिक से अधिक पानी पिएं और खुद को हाइड्रेटेड रखें। फिलहाल सूरज के तीखे तेवर कम होते नजर नहीं आ रहे हैं, इसलिए सावधानी बरतना ही सबसे बेहतर उपाय है।
