असम में बाढ़ से तबाही, 4 लाख से अधिक लोग प्रभावित, 10 लोगों की मौत
असम में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति से तबाही मची हुई है। असम में 20 से अधिक जिलों में चार लाख से अधिक लोग बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित हुए हैं। अधिकांश इलाकों में पिछले लगातार हो रही बारिश की वजह से यतायात भी प्रभावित है।
- Written By: विकास कुमार उपाध्याय
फोटो सोर्स - सोशल मीडिया
गुवाहाटी : असम में बाढ़ और भूस्खलन से दो और लोगों की मौत के साथ ही मारे गए लोगों की संख्या 8 से बढ़कर 10 हो गई है जबकि रविवार को 20 से अधिक जिलों में चार लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। इस बात की जानकारी एक आधिकारिक बुलेटिन में दी गई है। बताया गया है कि राज्य की सात प्रमुख नदियां उफान पर हैं।
मुख्यमंत्री हिमंत विसवा सरमा ने आगाह किया कि राज्य और पड़ोसी क्षेत्रों में लगातार भारी बारिश के कारण निचले इलाकों और नदी के तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए स्थिति अधिक खराब होने की आशंका है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्थिति की जानकारी लेने के लिए सीएम सरमा से फोन पर बात की और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। वहीं कई एजेंसियां बचाव और राहत कार्यों में लगी हुई हैं।
राज्य के अधिकांश इलाकों में यतायात प्रभावित
राज्य के अधिकांश इलाकों में पिछले कुछ दिन से लगातार हो रही बारिश की वजह से सड़क परिवहन, रेल यातायात और नौका सेवाएं प्रभावित हुई हैं। राज्य सरकार ने पिछले कुछ दिनों में गुवाहाटी में भूस्खलन में मारे गए पांच लोगों के परिजनों के लिए चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
सम्बंधित ख़बरें
38% मुस्लिम आबादी के बावजूद… पूर्वोत्तर के चाणक्य’ ने पलट दी असम की बाजी, विपक्ष के लिए खतरे का सायरन
दिल्ली-NCR में जल्द बदलेगा मौसम! बारिश और 40 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, इन राज्यों के लिए भी अलर्ट
Assam Exit Poll 2026: क्या बरकरार रहेगी सत्ता या जनता देगी नया जनादेश? एग्जिट पोल के आंकड़े क्या कह रहे हैं?
ब्रह्मोस को टक्कर! पाकिस्तान ने टेस्ट किया फतेह-II मिसाइल, 2.5 मैक की स्पीड…400KM रेंज, जानें और क्या है खास
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) द्वारा देर शाम जारी बुलेटिन में कहा गया कि पिछले 24 घंटों में कछार और श्रीभूमि जिले में एक-एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है। बुलेटिन में कहा गया है कि 19 जिलों के 56 राजस्व सर्किलों और 764 गांवों के 3,64,046 लोग प्रभावित हैं। कछार में सबसे अधिक 1,03,790 लोग प्रभावित हैं, इसके बाद श्रीभूमि में 83,621 और नागांव में 62,700 लोग प्रभावित हैं।
दो दिनों तक बंद रहेंगे शैक्षणिक संस्थान
कछार से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि जिले में सभी शैक्षणिक संस्थान मंगलवार तक दो दिनों के लिए बंद रहेंगे। एएसडीएमए बुलेटिन में कहा गया है कि 3,524.38 हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न हो गई है और 696 जानवर बह गए हैं। कुल 52 राहत शिविरों में 10,272 लोग शरण लिए हुए हैं, जबकि 103 राहत वितरण केंद्र बनाए गए हैं। एएसडीएमए बुलेटिन में कहा गया है कि कई एजेंसियां भारतीय वायु सेना (IAF) के हेलीकॉप्टर और नौकाओं सहित विभिन्न साधनों का उपयोग करके राहत कार्यों और फंसे हुए लोगों को बचाने में जुटी हैं।
(- एजेंसी इनपुट के साथ।)
