राज्यसभा की 27 सीटों और 3 राज्यों में विधान परिषद के चुनाव का ऐलान, यहां जानें कब होगी वोटिंग

Rajya Sabha Elections 2026: चुनाव आयोग ने सोमवार को 27 राज्यसभा सीटों और 3 राज्यों में विधान परिषदों के चुनाव तारीखों की घोषणा कर दी है। जिसके मुताबिक नामांकन प्रक्रिया 8 जून को दोपहर 3 बजे तक होगी।
Election Commission Announces Polls for 27 Rajya Sabha and 17 Legislative Council Seats
चुनाव आयोग (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

EC Notification For Rajya Sabha Elections 2026: चुनाव आयोग ने 27 राज्यसभा और 17 विधान परिषद सीटों पर चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया आज यानी 1 जून, सुबह 11:00 बजे से शुरू हो गई है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून को दोपहर 3:00 बजे तक है।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव और महाराष्ट्र, तमिलनाडु, ओडिशा में तीन उपचुनाव होंगे। चुनाव आयोग ने बिहार और कर्नाटक में राज्य विधान परिषदों के चुनावों की भी अधिसूचना जारी कर दी है।

11 जून तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे

चुनाव आयोग के अनुसार उम्मीदवारों के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया सोमवार सुबह 11 बजे से शुरू हो गई है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून दोपहर तीन बजे है। जबकि नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी और 11 जून तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे।

24 राज्यसभा सीटों के लिए होंगे द्विवार्षिक चुनाव

चुनाव आयोग ने बताया कि आंध्र प्रदेश, गुजरात, झारखंड, मध्य प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश और कर्नाटक की 24 राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव होंगे। इसके अलावा महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा में राज्यसभा सीटों के लिए उपचुनाव भी होंगे।

कहां-कहां होंगे परिषद चुनाव

चुनाव आयोग ने बिहार और कर्नाटक में राज्य विधान परिषदों के लिए द्विवार्षिक चुनावों की भी घोषणा की है। बिहार से नौ सदस्य चुने जाएंगे, जबकि कर्नाटक से सात सदस्य चुने जाएंगे। बिहार में विधान परिषद की एक अतिरिक्त सीट के लिए उपचुनाव आयोजित होगा।

18 जून को होगी वोटिंग

चुनाव आयोग ने बताया कि 18 जून को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे के बीच वोटिंग होगी। वोटों की गिनती उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू होगी। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग संबंधी अधिसूचना जारी कर (द्विवार्षिक और उपचुनाव दोनों के लिए) रिटर्निंग आफिसर्स और सहायक पीठासीन अधिकारी नियुक्त कर दिए हैं। जिनका विवरण विवरण भारत के राजपत्र/राज्य राजपत्रों में प्रकाशित किया गया है।

क्यों होंगे द्विवार्षिक चुनाव

बता दें कि कर्नाटक में राज्यसभा सदस्य के रूप में भारतीय जनता पार्टी के इरन्ना कडाडी और नारायण कोरगप्पा, कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खरगे व जनता दल के एचडी देवेगौड़ा का कार्यकाल 25 जून को समाप्त होने वाला है। वहीं विधायकों की ओर से चुने गए 7 विधान परिषद सदस्यों का कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो जाएगा। जिनमें कांग्रेस के गोविंद राजू, नसीर अहमद, तिप्पन्नप्पा और बीके हरिप्रसाद और भाजपा के एन नागराजू, प्रताप सिम्हा नायक के. व सुनील वल्ल्यापुर के नाम शामिल हैं।

चुनाव आयोग का पूरा शेड्यूल

  • नामांकन दाखिल- 1 जून, सुबह 11 बजे से
  • नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख - 8 जून, दोपहर 3 बजे
  • नामांकनों की जांच - 9 जून
  • नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख - 11 जून
  • वोटिंग की तारीख - 18 जून, सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक
  • वोटों की गिनती - 18 जून, शाम 5 बजे से शुरू होगा
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com