केरल में पूर्व CM पिनाराई विजयन के आवास पर छापेमारी, बेटी के घर समेत 10 ठिकानों पर ED ने दी दस्तक

Veena Vijayan Exalogic CMRL Monthly Pay Off Case: केरल में ईडी ने CMRL मामले में पूर्व सीएम पिनाराई विजयन के आवास सहित 10 ठिकानों पर छापेमारी की है। मामले में बेटी वेणा विजयन पर भी शिकंजा।
Raids at Former Kerala CM Pinarayi Vijayan's Residence; ED Knocks at 10 Locations, Including His Daughter's Home
केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

ED Raid Kerala Former CM Pinarayi Vijayan House: केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ माकपा नेता पिनाराई विजयन के आवास पर बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय छापेमारी की। केंद्रीय जांच एजेंसी द्वारा यह कार्रवाई पूर्व सीएम पिनाराई विजयन के तिरुवनंतपुरम स्थित घर पर हुई। यह छापेमारी सीएमआरएल-एक्सालॉजिक मासिक भुगतान मामले में चल रही जांच के सिलसिले में हुई है। प्रवर्तन निदेशालय ने कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड मामले में केरल में 10 ठिकानों पर छापेमारी की है।

बेटी वीणा से पहले भी हो चुकी है पूछताछ

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस वक्त दस जगहों पर इस मामले को लेकर छापेमारी चल रही है। ईडी पहले ही पिनाराई विजयन की बेटी वीणा विजयन का बयान दर्ज कर चुकी है। उनकी आईटी कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस इस विवाद के केंद्र में है। हालांकि अब तक पिनाराई विजयन से पूछताछ नहीं हुई है लेकिन संकेत हैं कि जांच आगे बढ़ने पर एजेंसी उनका बयान भी दर्ज कर सकती है।

एक साथ 10 ठिकानों पर छापेमारी

ईडी की यह कार्रवाई बुधवार सुबह 6 बजे शुरू हुई। इससे एक दिन पहले ही केरल हाईकोर्ट ने ईडी को सीएमआरएल और एक्सालॉजिक के बीच कथित वित्तीय लेनदेन की जांच जारी रखने की अनुमति दी थी। ईडी की टीमों ने केरल में एक साथ 10 जगहों पर छापेमारी की। इनमें तिरुवनंतपुरम के बेकरी जंक्शन के पास स्थित पिनाराई विजयन का किराये का घर भी शामिल है, जहां वीणा विजयन भी रहती हैं।

सीएमआरएल के दफ्तर और कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों से जुड़े परिसरों में भी तलाशी ली गई। बताया जा रहा है कि जांचकर्ता डिजिटल उपकरणों, वित्तीय दस्तावेजों और कथित मासिक भुगतान से जुड़े लेनदेन रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं।

दामाद को भी बनाया आरोपी

ईडी ने मामले में पूर्व सीएम के दामाद को भी आरोपी बनाया है। बेयपोर से माकपा विधायक पीए मोहम्मद रियास के घर पहुंचकर ई़़डी ने पूछताछ की। वह वीणा विजयन के पति हैं। उन पर एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को खनन कंपनी सीएमआरएल से बिना कोई वैध सेवा दिए भारी रकम मिलने का आरोप है। इससे पहले गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय की रिपोर्ट और आयकर विभाग की कार्यवाही में भी संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की ओर इशारा किया गया था, जिन्हें मासिक रिटेनर बताया गया।

हाईकोर्ट ने हस्तक्षेप से किया इनकार

केरल हाई कोर्ट ने एक दिन पहले मंगलवार को सीएमआरएल और उसके अधिकारियों द्वारा ईडी जांच रद्द करने की मांग की याचिका खारिज कर दी थी। अदालत ने टिप्पणी की थी कि पहली नजर में मनी लॉन्ड्रिंग के संकेत दिखाई देते हैं और एजेंसी की जांच में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। इसके बाद बुधवार की छापेमारी और पूछताछ का रास्ता साफ हो गया।

केरल में राजनीतिक हलचल तेज

केरल में हाल के वर्षों में किसी वरिष्ठ माकपा नेता के खिलाफ यह सबसे बड़ी जांचों में से एक है। वाम मोर्चा इस मामले को लगातार राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताता रहा है। अब ईडी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री पिनरई विजयन के घर पर छापेमारी से केरल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। आने वाले दिनों में मामले से जुड़े कई अहम लोगों से भी पूछताछ किए जाने की संभावना है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com