चक्रवात बिपारजॉय: गुजरात के तटीय इलाकों में भारी बारिश के बाद कुछ हिस्से हुए जलमग्न, 23 घायल, कई गांवों में बिजली गुल
- Written By: किर्तेश ढोबले
PTI Photo
कच्छ/नई दिल्ली: गुजरात के तटीय इलाकों में भारी बारिश के बाद जखाऊ क्षेत्र के कुछ हिस्से जलमग्न हो गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि चक्रवाती तूफान ‘बिपारजॉय’ (Cyclone Biparjoy) के कारण तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने से कच्छ और सौराष्ट्र के इलाकों में भारी तबाही हुई है। इस घटना में 23 लोग घायल हुए हैं और राज्य के कम से कम एक हजार गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है।
एक अधिकारी ने बताया कि चक्रवाती तूफान के जखौ बंदरगाह के निकट पहुंचने की प्रक्रिया बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े छह बजे शुरू हुई और देर रात दो बजकर 30 मिनट तक चली। इस दौरान पूरे कच्छ जिले में भारी बारिश हुई।
#WATCH | Kachchh: Parts of Jakhau area inundated after heavy rainfall lashed coastal areas of Gujarat#CycloneBiporjoy pic.twitter.com/udGN3ikUvq — ANI (@ANI) June 16, 2023
सम्बंधित ख़बरें
ना मशीन, ना मोटर…अचानक कुएं उठने लगीं समुद्र जैसी लहरें! वैज्ञानिक वजह जानकर हैरान रह जाएंगे आप-VIDEO
मुंद्रा एयरपोर्ट से सीधे मुंबई-गोवा की उड़ान, पश्चिम भारत का नया बिजनेस हब बनने की तैयारी
कच्छ में Diwali के मौके पर देश के जवानों को पीएम मोदी का संबोधन! दुश्मन की बातों पर नहीं, सेनाओं के संकल्प पर है भरोसा
गुजरात के कच्छ में महसूस हुए 3.3 तीव्रता से भूकंप के झटके, किसी के हताहत होने की खबर नहीं
23 लोग घायल
चक्रवात की वजह से कम से कम 23 लोग घायल हो गए। वहीं, राज्य के कम से कम एक हजार गांव बिजली संकट का सामना कर रहे हैं। इनमें 40 प्रतिशत बिजली संकट अकेले कच्छ जिले में है। एनडीआरएफ के महानिदेशक करवाल ने कहा,‘‘ 500 कच्ची अथवा फूस की झोपड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं, कुछ पक्के मकानों को भी नुकसान पहुंचा है और 800 पेड़ उखड़ गए हैं। हमारी और राज्य आपदा मोचन बल की टीम हालात को सामान्य बनाने और प्रभावितों की मदद के लिए काम कर रही हैं।”
करवाल ने दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि दुर्भाग्य से तूफान के गुजरात पहुंचने के पहले दो लोगों की मौत हो गई लेकिन तूफान के पहुंचने के बाद कोई जनहानि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि गुजरात प्रशासन तथा अन्य एजेंसियों ने जानमाल का कम से कम नुकसान सुनिश्चित करने के लिए मिल कर काम किया था और यह उसी का नतीजा है।
