कांग्रेस की जबरदस्त जीत... तेलंगाना निकाय चुनाव में 1300 से अधिक वार्डों में जीती, बीजेपी का क्या हुआ हाल?

Telangana Municipal Election Results : कांग्रेस ने तेलंगाना में नगर निकाय चुनाव में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। पार्टी 11 फरवरी को हुए चुनावों में 116 नगरपालिकाओं में से 83 और 5 नगर निगमों में जीती है।
Congress massive victory in Telangana civic elections, what happened to BJP?
प्रियंका गांधी के साथ तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्‌डी।
Updated on

Telangana Municipal Election Results News : तेलंगाना के नगर निकाय चुनावों के नतीजों ने राज्य की सियासी फिजां बदल दी है। परिणामों में कांग्रेस ने 'हाथ' का जादू चलाते हुए शानदार जीत दर्ज की है। बीआरएस और भाजपा ने भी कई मोर्चों पर कड़ी टक्कर देते हुए अपनी उपस्थिति मजबूती से दर्ज कराई है। 11 फरवरी को हुए इन चुनावों के नतीजों ने साफ कर दिया है कि राज्य की जनता फिलहाल बदलाव और विकास के वादों पर भरोसा जता रही है।

राज्य के 116 नगर निकायों के 2582 वार्डों में से कांग्रेस ने 1300 से अधिक सीटों पर कब्जा जमाकर अपनी बादशाहत साबित की है। उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि दो दशकों के बाद पार्टी ने इतनी बड़ी संख्या में नगरपालिका सीटें जीती हैं। सात नगर निगमों में से भी तीन पर कांग्रेस का परचम लहरा चुका है। कोठागुडेम जैसे इलाकों में कांग्रेस और भाकपा के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने इस जीत को जनता का अटूट विश्वास बताते हुए हर शहर के व्यापक विकास का संकल्प लिया है।

विपक्ष का पलटवार

सत्ता से बाहर होने के बावजूद के. चंद्रशेखर राव की पार्टी बीआरएस ने 700 वार्डों और 15 से अधिक नगर पालिकाओं में जीत हासिल कर यह दिखा दिया है कि वह अब भी एक बड़ी ताकत है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने दावा किया कि कई अन्य नगर पालिकाओं में बीआरएस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। वहीं, भाजपा के लिए भी यह चुनाव उत्साहजनक रहे। पार्टी ने करीमनगर और निजामाबाद जैसे महत्वपूर्ण निगमों में बढ़त बनाकर कांग्रेस और बीआरएस को चौंका दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव के मुताबिक, मंचेरियल और नलगोंडा जैसे क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति पहले से काफी बेहतर हुई है। बीजेपी सांसद बंडी संजय कुमार ने चुनाव परिणाम से गदगद होकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट किया। बीजेपी के कई अन्य नेताओं ने सोशल मीडिया पर बधाई दी और खुशी जाहिर की।

ओवैसी का प्रभाव

हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम (AIMIM) ने भी शहरी स्थानीय निकायों में अपना दबदबा बनाए रखा। पार्टी ने चार नगर निगमों और 15 नगर पालिकाओं में उल्लेखनीय सीटें जीतकर अपनी पकड़ मजबूत रखी है। मतपत्रों से हुई इस गिनती में वक्त जरूर लगा, लेकिन नतीजों ने तेलंगाना की राजनीति के भविष्य की एक स्पष्ट तस्वीर पेश कर दी है। अब देखना यह होगा कि ये नवनिर्वाचित प्रतिनिधि जनता की उम्मीदों पर कितना खरा उतरते हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com