गूगल मैप से जा रहे थे, 15 फुट गहरे कुएं में पहुंची कार, बाल-बाल बचे पति-पत्नी
कोच्चि में हुए एक खतरनाक हादसे में एक दंपति की कार 15 फुट गहरे कुएं में जा गिरी, हालांकि हादसे में वे बाल-बाल बच गए जिसे किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा। हादसे के वक्त वे गूगल मैप यूज कर रहे थे।
- Written By: रीना पंवार
प्रतिकात्मक तस्वीर (फोटो सोर्स सोशल मीडिया)
कोच्चि : केरल के कोच्चि जिले में एक दंपति को गूगल मैप का इस्तेमाल करना उस वक्त भारी पड़ गया जब पट्टीमैटम के पास मैप के सहारे जा रही दंपति की कार 15 फुट गहरे कुएं में गिर गई, हालांकि हादसे में वे चमत्कारिक ढंग से बच गए। पट्टीमैटम अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सड़क पर एक गड्ढा था लेकिन दंपति को उसके बारे में पता नहीं था। गूगल मैप ने भी इसकी जानकारी नहीं दी। जब कार वहां से गुजरी तो चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया जिसके बाद कार पास की एक दुकान से जा टकराई। दुकान से टकराने के बाद कार पास के एक गहरे कुएं में जा गिरी।
इस घटना को लेकर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुएं में पानी कम था इसलिए कार में सवार दंपति की जान बच गई और वे आसानी से बाहर निकल आए। यह घटना बीती रात शुक्रवार को लगभग नौ बजे के आसपास हुई।
चालक गूगल मैप कर रहा था यूज
घटना के कारणों के लेकर पुलिस का कहना है कि कार की रफ्तार तेज थी और दंपति गूगल मैप का इस्तेमाल कर रहा था। जब कार को कुएं से बाहर निकाला गया तो चालक के फोन पर गूगल मैप ऐप चालू था। हादसे के वक्त कुएं में पानी कम था इसलिए कोई अनहोनी नहीं हुई और दंपति कार के पिछले दरवाजे से सुरक्षित बाहर निकल पाए। कार में सवार पति-पत्नी मदद पहुंचने तक कुएं के अंदर ही खड़े थे।
सम्बंधित ख़बरें
Kerala Lodge Death: केरल के त्रिशूर में लॉज के कमरे में महिला और नवजात शिशु मृत मिले, पुलिस ने शुरू की जांच
अयोध्या राम मंदिर चंदा विवाद: सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग, पिनाराई विजयन ने PM से मांगा जवाब
दक्षिण-भारत में हाई अलर्ट! केरल में निपाह तो वायनाड में शिगेला संक्रमण, स्वास्थ्य विभाग ने पुणे भेजे सैंपल
केरल में Nipah Virus की वापसी! एक नया मरीज मिलने से हड़कंप, 15 लोग क्वारंटाइन और प्रशासन अलर्ट पर
कुएं में पानी कम होने से बची जान
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गनीमत रही कि हादसे के वक्त कुएं में पानी कम था। अगर कुआं पानी से भरा होता तो स्थिति अलग हो सकती थी और कार सवार पानी में डूब सकते थे जिससे उनकी जान जा सकती थी। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और बचाव दल ने कुएं के अंदर सीढ़ी लगाकर कार सवार दंपति को बाहर निकाला। इस खतरनाक हादसे के बाद दंपति पूरी तरह सुरक्षित है और उन्हें केवल मामूली खरोंचें आई हैं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
