Budget 2026: आम बजट पर बड़ा संयोग! देश का बही खाता उसी दिन खुलेगा या तारीख बदलेगी?
Budget 2026 Date: रविवार को बजट पेश होना नई बात नहीं है। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में ऐसा हुआ है। सवाल इसलिए अहम है, क्योंकि मोदी सरकार ने बजट को फरवरी के आखिरी दिन से बदलकर 1 तारीख पर तय किया था।
- Written By: रंजन कुमार
आम बजट पेश करतीं वित्त मंत्री। फाइल फोटो-सोशल मीडिया
Budget 2026 Date and Day: 1 फरवरी 2026 को क्या दिन है? बिल्कुल सही-रविवार (Sunday) है। मतलब छुट्टी का दिन, लेकिन वित्त मंत्रालय के नॉर्थ ब्लॉक में इस संडे को लेकर अभी से चर्चा तेज है। सवाल है कि क्या देश का आम बजट (Union Budget 2026) संडे को पेश होगा? क्या सरकार परंपरा तोड़ेगी या तारीख बदलेगी? आप सोच रहे कि संडे को संसद बंद रहती है तो बजट कैसे आएगा?
संडे को बजट पेश होना नई बात नहीं है। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में ऐसा हो चुका है, लेकिन सवाल इसलिए अहम है, क्योंकि मोदी सरकार ने बजट को फरवरी के आखिरी दिन से खिसकाकर 1 तारीख पर फिक्स किया है। बहुत से लोगों को लगता है कि बजट वर्किंग डे पर ही आता है। मगर, यह सच नहीं है। इतिहास गवाह है कि देश का बही खाता रविवार को भी खुला है।
28 फरवरी 1999 को भी दिन था रविवार
तत्कालीन वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने उस दिन सिर्फ बजट पेश ही नहीं किया, बल्कि अंग्रेजों के जमाने से चली आ रही बड़ी परंपरा को भी तोड़ा था। उससे पहले बजट शाम को 5 बजे पेश होता था, लेकिन यशवंत ने उसे बदलकर सुबह 11 बजे किया। वह ऐतिहासिक बजट एक रविवार के दिन संसद में रखा गया था। अगर, 1999 में रविवार को बजट आ सकता है तो 2026 में क्यों नहीं? सरकार के पास यह मजबूत नजीर है।
सम्बंधित ख़बरें
गाड़ियों के लिए बड़ी खबर! 20% से ज्यादा एथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर सरकार का बड़ा फैसला! संसद में बताई सच्चाई
मुझे घसीटते वक्त पुलिसवालों ने कहा- इस सरकार को हटाइए…राहुल गांधी का सनसनीखेज दावा!
मोहन सरकार का पहला अनुपूरक बजट पेश, 7,765.76 करोड़ रुपये का प्रावधान, आज होगी विधानसभा में चर्चा
वन नेशन, वन इलेक्शन वाले हिम्मत है तो अब कराएं चुनाव, उद्धव ठाकरे की मोदी सरकार को सीधी चुनौती
शनिवार को भी खुली है संसद
1999 ही नहीं, मोदी सरकार में भी वीकेंड पर बजट पेश करने का ट्रेंड रहा है। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में वित्त मंत्री रहे दिवंगत अरुण जेटली ने 2015 में 28 फरवरी को शनिवार के दिन बजट पेश किया था। साल 2020 में 1 फरवरी 2020 को यानी शनिवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट पेश किया था। शनिवार को संसद का विशेष सत्र बुलाकर बजट पेश किया जा सकता है तो रविवार को क्यों नहीं? सरकार के लिए 1 फरवरी की तारीख अब एक पत्थर की लकीर बन चुकी है, ताकि 1 अप्रैल से नया वित्तीय वर्ष शुरू होने तक प्रक्रियाएं पूरी हो जाए। ऐसे में पूरी संभावना है कि बजट 1 फरवरी को ही आएगा।
इकोनॉमिक सर्वे का पेंच
बजट का नियम है-इसके पेश होने से ठीक एक दिन पहले इकोनॉमिक सर्वे (आर्थिक सर्वेक्षण) पेश किया जाता है। यह सरकार का वो रिपोर्ट कार्ड होता है, जो बताता है कि पिछले साल अर्थव्यवस्था कैसी रही। बजट 1 फरवरी (रविवार) को आता है तो कायदे से इकोनॉमिक सर्वे 31 जनवरी (शनिवार) को आना चाहिए। अमूमन इकोनॉमिक सर्वे बजट से पहले वाले वर्किंग डे पर पेश होता है। ऐसे में दो सिनेरियो बन सकते हैं- पहला: सरकार 30 जनवरी (शुक्रवार) को ही इकोनॉमिक सर्वे पेश करे और एक दिन का गैप ले। दूसरा: संसद का सत्र शनिवार (31 जनवरी) और रविवार (1 फरवरी) दोनों दिन चले। जानकार मानते हैं कि सरकार 1 तारीख की पवित्रता को बनाए रखने के लिए वीकेंड पर संसद चला सकती है।
यह भी पढ़ें: 3 दिनों में बजट के करीब पहुंची ‘तेरे इश्क में’, कुल कलेक्शन 50 करोड़ के पार
शेयर मार्केट का क्या होगा?
बजट और शेयर बाजार का चोली-दामन का साथ है। अमूमन शनिवार और रविवार को शेयर बाजार बंद रहता है, लेकिन इतिहास में जब-जब बजट शनिवार को आया है (जैसे 2015 और 2020 में), तब-तब बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और निफ्टी (NSE) ने स्पेशल ट्रेडिंग सेशन आयोजित किया है। 1 फरवरी 2026 यानी रविवार के दिन बजट आता है तो आप तैयार रहिए, उस दिन संडे होने के बावजूद दलाल स्ट्रीट गुलजार रहेगी। मार्केट में पैसे बनेंगे।
